प्रतापगढ़ जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत की गई कार्रवाई में पुलिस ने 50 किलो 960 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा जब्त किया है। इस दौरान एक तस्कर को मौके से गिरफ्तार किया गया। जब्त डोडाचूरा की अनुमानित बाजार कीमत करीब 8 लाख रुपए बताई जा रही है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देश पर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा के मार्गदर्शन में की गई। अरनोद थाना अधिकारी शिवलाल मीणा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने इस पूरे ऑपरेशन को अंजाम दिया। नाकाबंदी देखकर भागी कार, DST ने किया पीछा पुलिस कंट्रोल रूम प्रतापगढ़ को 13 जनवरी 2026 को सूचना मिली कि एक स्विफ्ट कार नाकाबंदी देखकर पीपलखूंट से सुहागपुरा रोड की ओर तेज रफ्तार में भाग रही है। सूचना के मुताबिक डीएसटी टीम उस कार का पीछा कर रही थी। अलर्ट मिलते ही अरनोद से घंटाली जाने वाले मार्ग पर तत्काल नाकाबंदी की गई। कच्चे रास्ते से भागने की कोशिश, पुलिस ने रोका कुछ देर बाद संदिग्ध स्विफ्ट कार (RJ 03 CA 5204) नाकाबंदी स्थल पर पहुंची। पुलिस जवानों ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने गाड़ी को कच्चे रास्ते की ओर मोड़कर फरार होने की कोशिश की। हालात को देखते हुए पुलिस टीम ने अपनी गाड़ी से टक्कर मारकर कार को रोक लिया। तलाशी में मिला भारी मात्रा में डोडाचूरा कार चालक से पूछताछ करने पर उसकी पहचान प्रवीण कुमार पुत्र रघुनाथ राम बिश्नोई, निवासी पादरडी, थाना चितलवाना, जिला जालोर के रूप में हुई। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें काले कट्टों में भरा अवैध अफीम डोडाचूरा मिला। कुल वजन 50 किलो 960 ग्राम पाया गया। पुलिस ने मौके पर ही अवैध डोडाचूरा और तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट कार को जब्त कर लिया। आरोपी प्रवीण कुमार को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि डोडाचूरा कहां से लाया गया था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।


