प्रतापगढ़ जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। प्रतापगढ़ के बहुचर्चित एमडी फैक्ट्री प्रकरण में फरार चल रहे मुख्य आरोपी श्रेयांस उर्फ यश मोगरा को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को अरनोद क्षेत्र से पकड़ा पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देश पर अरनोद थानाधिकारी शिवलाल मीणा के नेतृत्व में एक टीम ने आरोपी को अरनोद क्षेत्र से पकड़ा। श्रेयांस उर्फ यश मोगरा घटना के बाद से फरार था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। अनाज गोदाम की आड़ में चल रही थी अवैध फैक्ट्री गौरतलब है कि 1 फरवरी 2026 को थाना प्रतापगढ़ पुलिस ने शहर के वॉटर वर्क्स रोड स्थित पानी की टंकी के पास एक किराणा एवं जनरल स्टोर व उसके पीछे अनाज गोदाम की आड़ में चल रही अवैध एमडी फैक्ट्री पर छापा मारा था। इस कार्रवाई के दौरान 106 ग्राम एमडी, 114 किलो 750 ग्राम लिक्विड केमिकल और एमडी बनाने में प्रयुक्त विभिन्न रसायन व उपकरण जब्त किए गए थे। इस मामले में पहले ही 25 हजार रुपए के इनामी रोहित मोगरा सहित शंकरलाल मीणा और शाकिर खान को गिरफ्तार किया जा चुका है। बढ़ते कर्ज की वजह से आरोपी ने एमडी बनाना सीखा पूछताछ में आरोपी श्रेयांस ने बताया- परिवार पर बढ़ते कर्ज के कारण उसने बाहर शहरों में रहकर एमडी बनाना सीखा था। बाद में उसने मोबाइल के जरिए ऑनलाइन ब्रोमो पाउडर व अन्य केमिकल मंगवाकर फैक्ट्री स्थापित की और तैयार माल स्थानीय स्तर पर बेचा। पुलिस अब आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि उसके नेटवर्क और सप्लाई चेन की अन्य कड़ियों की जांच की जा सके। इस मामले में थाना प्रतापगढ़ में मामला दर्ज कर अनुसंधान अरनोद थानाधिकारी को सौंपा गया था। ….. प्रतापगढ़ एमडी फैक्ट्री मामले से जुड़ी ये खबर पढ़ें: प्रतापगढ़ में किराना दुकान की आड़ में एमडी निर्माण:गोदाम में दबिश दी, आरोपी फरार; एमडी और लिक्विड केमिकल बरामद प्रतापगढ़ में किराना दुकान की आड़ में एमडी बनाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने गोदाम पर छापा मारकर एमडी और लिक्विड केमिकल बरामद किया है। दबिश के दौरान कमरे में तेज बदबू और आंखों में जलन महसूस हुई। (पूरी खबर पढ़ें)


