चित्तौड़गढ़ के प्रतापनगर इलाके में बीती रात और अल सुबह चोरी की वारदात सामने आई। रात करीब 2 बजे चार से पांच बदमाश कॉलोनी में घुसे और दो सूने मकानों के ताले तोड़ दिए। इसके बाद वे तीसरे घर में चोरी करने की कोशिश कर रहे थे, तभी अंदर से आवाज हो गई और परिवार के लोग जाग गए। घर वालों ने जोर से चिल्लाना शुरू किया, जिससे पूरे मोहल्ले के लोग बाहर निकल आए। लोगों को आता देख सभी बदमाश घबराकर तीन अलग-अलग मकानों की छतों से कूदते हुए भाग निकले। मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन सतर्कता के कारण बड़ी वारदात टल गई। दो खाली मकानों को बनाया निशाना, सामान बिखरा मिला मोहल्ले के राजेंद्र आहूजा ने बताया कि सबसे पहले राजेंद्र पोखरना के घर से चिल्लाने की आवाज आई थी। जब लोग वहां पहुंचे तो पता चला कि बदमाश छत पर थे। जांच में सामने आया कि पास के दो सूने मकानों में चोरी हो चुकी थी। एक मकान हरीश का है, जो चंडीगढ़ में रहते हैं और फिलहाल चित्तौड़गढ़ आए हुए हैं, लेकिन मधुबन स्थित अपने साले के घर ठहरे हैं। दूसरा मकान बीडी दत्ता का है, जो अपनी बेटी से मिलने जयपुर गए हुए हैं। दोनों घरों के ताले टूटे हुए मिले और अंदर पूरा सामान बिखरा पड़ा था। घरों में रखे छोटे-मोटे चांदी और पीतल के सामान गायब मिले हैं। क्या-क्या सामान चोरी हुआ है, इसकी पूरी जानकारी मालिकों के आने के बाद ही साफ हो पाएगी। सीसीटीवी से खुलासा, बैग लेने लौटा आरोपी पकड़ा गया घटना के बाद मोहल्ले के लोग देर रात तक जागते रहे। इसी दौरान पड़ोस की एक महिला को नींद नहीं आ रही थी तो उन्होंने दोबारा सीसीटीवी कैमरे चेक किए। फुटेज में एक व्यक्ति बाहर खड़ा नजर आया। सुबह करीब 4:30 से 5 बजे के बीच एक बदमाश वापस लौटा। बताया जा रहा है कि वह अपना बैग मौके पर ही छोड़ गया था और उसे लेने आया था। लेकिन तब तक मोहल्ले के कई लोग जाग रहे थे। लोगों ने उसे पकड़ लिया और तुरंत सदर थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को अपने साथ ले गई। पहले से कर रहे थे रेकी, पुलिस कर रही जांच स्थानीय लोगों का कहना है कि बदमाश पहले से ही इलाके की रेकी कर रहे थे। उन्हें पता था कि दोनों मकान खाली हैं। इसी वजह से उन्होंने उन्हीं घरों को निशाना बनाया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस रात करीब 3 बजे भी मौके पर पहुंची थी और जांच शुरू की। फिलहाल पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके साथियों की तलाश की जा रही है। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि अगर समय रहते परिवार जागता नहीं और शोर नहीं मचता तो चोरी की बड़ी घटना हो सकती थी। अब पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।


