आरयूएचएस के पास 14 फरवरी को रात 8 बजे कार सवार बदमाशों द्वारा ज्वैलर को रोककर 50 ग्राम सोना और 7 किलो चांदी लूटने की वारदात का सुराग अब तक प्रताप नगर पुलिस नहीं लगा सकी है। हालांकि कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इस पूरी वारदात का वीडियो पुलिस को हाथ लगा है। पुलिस के अनुसार श्योपुर के रामनिवास सैनी कार से घर जा रहे थे, तभी स्विफ्ट कार सवार बदमाशों ने रास्ता रोक लिया। तीन युवकों ने योजनाबद्ध तरीके से हमला किया। इस पूरी घटना का 70 मीटर दूरी खड़े एक व्यक्ति ने वीडियो बना लिया। 32 सेकंड के इस वीडियो में वारदात साफ दिखाई दे रही है। एक बदमाश ज्वैलर्स की कार के आगे के शीशे पर डंडे बरसाता नजर आ रहा है, जबकि दूसरा डिग्गी खोलकर सामान निकाल रहा है। तीसरा निगरानी कर रहा है। चौंकाने वाली बात यह है कि घटना के दौरान वहां से एक बाइक, चार कार और एक ऑटो गुजरा, लेकिन कोई मदद के लिए नहीं रुका। सीसीटीवी की मदद से बदमाशों की तलाश पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की कोशिश की जा रही है, हालांकि 7 दिन बीतने के बावजूद मुख्य आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय व्यापारियों ने त्वरित गिरफ्तारी और गश्त बढ़ाने की मांग की है।


