झालावाड़ के राजमाता विजया राजे सिंधिया खेल संकुल में राजमाता की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम के दौरान पूर्व सीएम वसुंधरा राजे भावुक हो गईं। वसुंधरा राजे ने कहा- राजमाता विजया राजे सिंधिया ने पद की लालसा कभी अपने मन में नहीं रखी। पार्टी उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना चाहती थी, लेकिन उन्होंने मना किया, जबकि सब पद चाहते है। हमेशा काम करने की प्रेरणा दी
वसुंधरा राजे ने कहा कि राजमाता ने हमेशा काम करने की प्रेरणा दी। एक बार एमपी में उनकी मेहनत से मुख्यमंत्री का अवसर भी आया, लेकिन उन्होंने कहा कि वे बनने नहीं बनाने में विश्वास रखती हैं। अटल-आडवाणी के आने पर खोली आंखें
वसुंधरा राजे ने कहा कि राजमाता सिंधिया के अंतिम समय में वो आंखें नहीं खोल रही थीं। ऐसे में जब भाजपा की सरकार बनी और अटल बिहारी बाजपेई और लालकृष्ण आडवाणी उनसे मिलने आए और अटल जी ने राजमाता के करीब जाकर कहा कि राजमाता में अटल बिहारी और मेरे साथ लालकृष्ण आडवाणी। हम दोनों आए हैं और हम चुनाव जीत गए हैं और सरकार हमारी बन रही है। इतना सुनने के बाद राजमाता ने बीमारी के दौरान पहली बार अपनी आंखें खोली और कहा कि अपने जीवन के दौरान यह दिन देखना उनका सपना था जो आज पूरा हो गया। इसके कुछ दिनों बाद उनकी मौत हो गई। राजदादी को भी किया याद
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि राजकीय खेल संकुल ने अब तक कई प्रतिभाओं को तैयार किया है। जिन्होंने खेल के क्षेत्र में जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने राजमाता को याद करते हुए कहा कि उन्होंने हमें जो सिखाया उसका ऋण हम नहीं चुका सकते हैं। उन्होंने सिखाया था कि लोगों को प्यार देना है, तब खुद ही देखना लोग तुमसे जुड़ते जाएंगे और एक विशाल परिवार बनता जाएगा। उन्होंने कहा था कि काम करने में विश्वास करो जब तुम लोगों के फैले हुए हाथों में कुछ रखोगे तब अच्छा लगेगा। उन्होंने इस मौके पर राजदादी को भी याद किया। खेल संकुल में हो सकते हैं अंतरराष्ट्रीय मैच
उन्होंने कहा कि इस खेल संकुल में अंतरराष्ट्रीय मैच हो सकते हैं। पहले भी यहां बड़े-बड़े खिलाड़ी खेल चुके हैं। इसकी पहचान को ऊंचाई तक पहुंचाने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि राजस्थान रॉयल्स टीम की प्रशिक्षण अकादमी की भी यहां शुरुआत करने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा कि मैं झालावाड़ को आगे बढ़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ूंगी। झालावाड़ से उनका 36 साल पुराना नाता
पूर्व सीएम राजे ने कहा कि झालावाड़ उनका परिवार है। यहां से मेरा 36 साल पुराना नाता है। यहां की जनता ने मुझे और दुष्यंत को खूब प्यार दिया है। दुष्यंत सिंह को भी दो दशक से अधिक समय से यहां के लोगों ने आशीर्वाद दिया है। राजे ने उनके कार्यकाल के दौरान हुए विकास कार्यों को याद दिलाते हुए आगे भी निरंतर इलाके में काम करते रहने की बात कही। सांसद ने नानी मां को किया याद
झालावाड़-बारां सांसद दुष्यन्त सिंह ने नानी मां राजमाता को याद करते हुए उनके साथ बिताए पलों को सभी के साथ साझा किया। दुष्यंत सिंह ने कहा कि राजमाता के परिवार ने आमजन के लिए प्रयास किया। उन्होंने सिखाया सबके साथ कार्य करते चलो, सबका प्यार मिलता रहेगा, विकास होता रहेगा। इस दौरान जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने खेल संकुल की स्थापना से लेकर यहां आयोजित गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि आज हमारे झालावाड़ को राजमाता के रूप में मां मिली है। हम राजमाता और वसुंधरा राजे के सपनों को साकार करने का पूरा प्रयास करेंगे। भाजपा कार्यकर्ताओं और जनता को दिया धन्यवाद
पूर्व मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे और झालावाड़-बारां लोकसभा क्षेत्र के सांसद दुष्यंत सिंह ने बुधवार रात को राजमाता विजया राजे सिंधिया की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी ज्ञानानंद जी तीर्थ भानपुरा पीठ की मौजूदगी में अनावरण कराया। पूर्व सीएम राजे ने झालावाड़ के भाजपा कार्यकर्ताओं और जनता को मूर्ति की स्थापना करने पर धन्यवाद दिया। जिले की 16 खेल प्रतिभाओं का किया सम्मान
इस दौरान जिले की 16 खेल प्रतिभाओं का सम्मान किया गया। स्वामी विवेकानंद पब्लिक स्कूल भवानीमंडी के स्टूडेंट्स ने देश भक्ति और मनमोहक गीतों के माध्यम से प्रस्तुतियां दी। साथ ही राजमाता और वसुंधरा राजे के मां और पुत्री के संबंध पर आधारित भावभीनी नाटक की प्रस्तुति भी दी। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री राजे और सांसद दुष्यन्त सिंह को स्थानीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से सम्मान-पत्र प्रदान किए।


