भास्कर न्यूज|गुमला गुमला नगर निकाय चुनाव अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है। जैसे-जैसे मतदान की तारीख करीब आ रही है। शहर का सियासी पारा सातवें आसमान पर है। अध्यक्ष पद से लेकर वार्ड पार्षद तक के उम्मीदवार अब आर-पार की रणनीति पर काम कर रहे हैं। हालांकि यह चुनाव गैर-दलीय आधार पर लड़ा जा रहा है। लेकिन पर्दे के पीछे से राजनीतिक दलों की सक्रियता ने इसे पूरी तरह पॉलिटिकल अखाड़ा बना दिया है। निकाय की सत्ता के जरिए जिले में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने के लिए भाजपा, कांग्रेस और झामुमो जैसे प्रमुख दलों ने पूरी ताकत झोंक दी है। अध्यक्ष पद के लिए मैदान में डटे 9 प्रत्याशियों में से तीन को इन प्रमुख दलों का सीधा समर्थन प्राप्त है। स्थानीय स्तर पर जहां झामुमो की कमान विधायक भूषण तिर्की ने संभाली हुई है। वहीं भाजपा और कांग्रेस के प्रदेश स्तरीय नेता भी गुमला में कैंप कर रहे हैं। इन दिग्गज नेताओं का लक्ष्य न केवल अपने समर्थित प्रत्याशी को जीत दिलाना है बल्कि आने वाले विधानसभा और लोकसभा चुनावों के लिए वोट बैंक की थाह लेना भी है। भले ही मुख्य दलों समर्थित प्रत्याशियों के बीच कड़ा मुकाबला दिख रहा हो। लेकिन शेष 6 अन्य दावेदार किसी भी वक्त खेल बिगाड़ने की कुबत रखते हैं। मैदान में उतरे उम्मीदवारों की अपनी-अपनी विशिष्ट पहचान है। इनमें से किसी के पास पुराना राजनीतिक अनुभव है, तो कोई प्रबुद्ध शिक्षाविद् और कोई लंबे समय से सामाजिक सरोकारों से जुड़ा रहा है। प्रत्याशियों की यह व्यक्तिगत छवि पार्टी कैडर के वोटों में सेंधमारी कर सकती है। जिससे परिणाम चौंकाने वाले हो सकते हैं। मतदाताओं की चुप्पी ने प्रत्याशियों की धड़कनें बढ़ा दी हैं। गलियों और चौराहों पर होने वाली चर्चाओं में विकास के मुद्दों से ज्यादा व्यक्तिगत पहुंच और जातीय समीकरणों पर माथापच्ची हो रही है। बहरहाल प्रत्याशियों की इस भागदौड़ का अंतिम फैसला 27 फरवरी को होगा। उसी दिन साफ हो पाएगा कि जनता ने किस पर भरोसा जताया है और शहर की तीसरी सरकार की चाबी किसके हाथ में सौंपी है। सूत्रों की मानें, तो निकाय स्तरीय इस चुनाव में भी धन बल का पूरा प्रयोग हो रहा है। वार्ड से लेकर अध्यक्ष और वार्ड की बदौलत उपाध्यक्ष की कुर्सी तक पहुंचने की चाह पाले नेता पसीना के साथ पैसा भी बहा रहे है। वोटों को खरीदने की पूरी कोशिश की जा रही है। किसी भी शर्त पर माहौल अपने पक्ष में करने की हर तकनीक लगाई जा रही है। कई प्रत्याशी वोट देते समय का स्क्रीन शॉर्ट दिखाने पर पैसे देने का वादा कर रहे है। लोहरदगा| नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 को लेकर प्रतिनियुक्त सामान्य प्रेक्षक मो. मुस्तकीम ने गुरुवार को मीडिया कोषांग लोहरदगा का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में सामान्य प्रेक्षक ने मीडिया कोषांग के दैनिक कार्यों, निर्वाचन से संबंधित कवरेज, दैनिक प्रतिवेदन, हेल्पलाइन व जन शिकायत कोषांग में प्राप्त हो रहे शिकायतों व उनका समाधान, शिकायत का संधारण आदि बिंदुओं की समीक्षा की और आवश्यक निर्देश वरीय पदाधिकारी मीडिया कोषांग को दिए। मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रमोद दास, मीडिया कोषांग के वरीय पदाधिकारी-सह-जिला जनसंपर्क पदाधिकारी शिवनंदन बड़ाइक सहित अन्य पदाधिकारी व मीडिया कोषांग में प्रतिनियुक्त कर्मी उपस्थित थे।


