प्रदर्शनी लगाकर गिनाई राज्य सरकार की उपलब्धियां:रन फॉर राजस्थान का आयोजन, छात्राओं को बांटी स्कूटी

राजस्थान सरकार के कार्यकाल का एक वर्ष पूरा होने के मौके पर करौली जिला मुख्यालय पर रन फॉर राजस्थान दौड़, रोजगार उत्सव और युवा महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजस्थान सरकार की उपलब्धियों का बखान करने वाली प्रदर्शनी का जिला प्रभारी मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, करौली विधायक दर्शन सिंह और सपोटरा विधायक हंसराज मीणा ने फीता काटकर किया। इस दौरान मंत्री ने विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन कर सरकारी योजनाओं की जानकारी ली और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। मंत्री ने मेधावी छात्राओं को स्कूटी की चाबी और नव नियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र सौंपकर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। इस मौके पर कलेक्टर नीलाभ सक्सेना, एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय, प्रभारी सचिव बीएल मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्माचारी मौजूद रहे। इस दौरान प्रभारी मंत्री ने सरकार की उपलब्धियों की जानकारी दी। प्रभारी मंत्री ने कहा कि देश भर में राइजिंग राजस्थान को लेकर चर्चा है। सरकार ने महिलाओं को सम्मान देने का काम किया है। 450 रुपए में सिलेंडर देने का वादा किया, वह पूरा कर दिया। किसान सम्मान निधि बढ़ाने का जो वादा किया था, उसमें 15 प्रतिशत की वृद्धि भी करने का काम किया। डीजल-पेट्रोल के दाम में कमी करके संदेश देने का काम किया। पिछली सरकार ने उधार में बिजली ले ली थी। जिसको चुकाया नहीं था। पड़ोसी प्रदेशों से सरकार ने समझौता कर लिया। उधार को चुकाकर बिजली की स्थिति में सुधार किया है। किसान आत्महत्या कर रहे थे। हर जगह महिलाओं के ऊपर और दलित पर अत्याचार बढ़ा हुआ था। मादक पदार्थों की तस्करी में बेहताशा वृद्धि हुई थी और संगठित अपराध करने वाले लोग व्यापारियों और उद्यमियों को धमकाकर वसूली का काम करते थे। आज राजस्थान से अपराधी भाग गए हैं। प्रभारी मंत्री ने कहा कि पुलिस प्रदेश को शांतिपूर्ण बनाने के लिए अपराधियों के पीछे पड़ी है। क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर भी मंत्री ने कहा कि कुछ योजनाओं को सरकार ने मंजूरी दे दी है और जो शेष हैं, वह भी संज्ञान में हैं। जल्द ही उन समस्याओं का भी समाधान किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *