लेकसिटी ने सोमवार को लॉयन सफारी की सौगात पा ही ली। शुरुआत रोमांच से भरपूर रही। उद्घाटन शाम को पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया ने किया। पत्नी अनीता कटारिया साथ थीं। दोनों जिप्सी में सैर पर निकले कि इस सफारी की शान एशियाटिक शेर ‘सम्राट’ ने रास्ता रोक लिया। गाड़ी करीब 5 मिनट तक रुकी रही। ट्रैक पर बैठा सम्राट एकबारगी टस से मस नहीं हुआ। टकटकी लगाए गाड़ी की ओर देखता रहा। इससे पहले राज्यपाल कटारिया ने सम्राट और इसकी साथी सुनैना को शेल्टर से रिलीज किया। शाम 6 बजकर 1 मिनट पर सफारी में बनी टंकी के पास कटारिया की जिप्सी रुकी। ट्रैक के बीचोबीच सम्राट बैठा था। लगा मानो अपने इलाके का ऐलान और पहले ही दिन मेहमानों का स्वागत कर रहा हो। कुछ देर जिप्सी और सम्राट एक-दूसरे के सामने ठिठके रहे। गाड़ी धीरे-धीरे करीब पहुंची तो सम्राट उठा और झाड़ियों की ओर चला गया। नजारे ने सबको रोमांचित कर दिया। पहली सफारी जयपुर में प्रदेश में जयपुर के नाहरगढ़ जैविक उद्यान में भी लॉयन सफारी है। उदयपुर की सफारी 20 हेक्टेयर में बनी है। इस पर 3.50 करोड़ खर्च किए गए हैं। शेरनी ‘सुनैना’ को रिलीज किया गया। वह भी बेहद शांत थी। कुछ सहमी हुई भी। इसलिए सफारी के जंगल एरिया में चली गई। राज्यपाल कटारिया ने सम्राट को केज से रिलीज किया। वह न दहाड़ा, न गुर्राया। बाहर आते ही राजसी अंदाज में निकल पड़ा। ट्रैक पर चलता रहा।


