आम आदमी पार्टी ने छत्तीसगढ़ में आगामी नगरीय निकाय चुनावों को लेकर तैयारी तेज कर दी है। पार्टी ने घोषणा की है कि प्रदेश के सभी नगर निगम सीटों पर आम आदमी पार्टी चुनाव लड़ेगी। इसके लिए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति बनाई जा रही है। रायपुर में आयोजित संगठनात्मक बैठक में दिल्ली के पूर्व मंत्री और छत्तीसगढ़ के सहप्रभारी मुकेश अहलावत ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी का जनाधार छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में तेजी से बढ़ रहा है और पार्टी आने वाले सभी चुनाव पूरी ताकत से लड़ेगी। केजरीवाल-सिसोदिया के आरोप मुक्त होने से कार्यकर्ताओं में उत्साह अहलावत ने कहा कि अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया के आरोप मुक्त होने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह आया है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी शुरू से ही ईमानदार राजनीति की बात करती रही है और शिक्षा, स्वास्थ्य, पानी, बिजली तथा रोजगार जैसे मुद्दों को प्राथमिकता देती आई है। बूथ से लेकर लोकसभा स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर बैठक में पार्टी नेताओं को निर्देश दिया गया कि बूथ स्तर से लेकर विधानसभा, जिला और लोकसभा स्तर तक संगठन को मजबूत किया जाए। साथ ही आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा और नगरीय निकाय चुनावों की तैयारी पर भी चर्चा की गई। अहलावत ने कार्यकर्ताओं को प्रदेश में चल रही “छत्तीसगढ़ बचाओ यात्रा” और “किसान न्याय जनसभा” कार्यक्रम को लेकर भी मार्गदर्शन दिया और इसे गांव-गांव तक पहुंचाने की अपील की। बैठक में प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, लोकसभा अध्यक्ष, नगरीय निकाय चुनाव प्रभारी, विधानसभा प्रभारी सहित पार्टी के विभिन्न विंग के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।


