प्रदेश सरकार का एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के अवसर पर सर्किट हाउस में प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें CM डॉ मोहन सरकार की एक वर्ष की उपलब्धियों को दर्शाया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन कलेक्टर डॉ सतेन्द्र सिंह ने किया। प्रदर्शनी में पिछले एक वर्ष में हुए विकास कार्यों और उपलब्धियों की झलक देखने को मिली। प्रदर्शनी में इन्वेस्टर्स मीट के जरिए मिले निवेश, जनजातीय कल्याण, रोजगार के अवसरों का निर्माण, स्टार्ट अप्स को प्रोत्साहन, जल संरक्षण के लिए उठाए गए कदम, आधुनिक चिकित्सा सेवाओं की गारंटी, गुणवत्तापूर्ण और व्यावसायिक कौशल पर केंद्रित शिक्षा के लिए सरकार दवाएं उठाएं गए कदमों और योजनाओं को दर्शाया गया। इसी तरह नदी जोड़ो योजनाएं, साइबर तहसील, जननायकों के नाम पर विश्वविद्यालय का शुभारंभ, खेल सुविधाओं के निरंतर विस्तार, गौ संरक्षण और संवर्धन, श्री अन्न मिलेट्स को प्रोत्साहन, उद्योगों की स्थापना के लिए कदम बढ़ाने के बारे में भी प्रदर्शनी में दर्शाया गया। गुना जिले के विभागों ने भी प्रदर्शनी में अपने द्वारा किए गए कार्यों को दर्शाया। इसमें खेल एवं युवक कल्याण विभाग की प्रदर्शनी ने स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का नक्शा प्रदर्शित किया गया। लोक निर्माण विभाग द्वारा पिछले एक वर्ष में जिले में बनाई गई सड़कों, जल निगम की राजघाट बांध समूह जल प्रदाय योजना को दर्शाया गया। कलेक्टर सतेंद्र सिंह ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि यह PSC की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए भी काफी उपयोगी है। इसमें कई प्रश्न और जानकारियां उन्हें मिल सकती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वह आकर इसका अवलोकन जरूर करें। जनसंपर्क अधिकारी शुभम शर्मा ने बताया कि आज 13 दिसंबर से 15 दिसंबर तक प्रदर्शनी नागरिकों के लिए लगी रहेगी। वह सर्किट हाउस में आकर इसका अवलोकन कर सकते हैं। सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक प्रदर्शनी का अवलोकन किया जा सकता है। इस मौके पर जिला पंचायत CEO प्रथम कौशिक, ADM अखिलेश जैन, तहसीलदार गौरीशंकर बैरवा, जिला रोजगार अधिकारी बीएस मीणा, नगरपालिका CMO तेज सिंह यादव, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र प्रबंधक आरके हैं, PWD EE बीके माथुर, उद्यानिकी उपसंचालक जी एस रघुवंशी, DPC आरके शर्मा, महिला एवं बाल विकास विभाग परियोजना अधिकारी दीपा शर्मा, श्रम विभाग से आशीष तिवारी सहित कर्मचारी एवं आम जन उपस्थित रहे और प्रदर्शनी का अवलोकन किया।