प्रदेश के उच्च और तकनीकी शिक्षा विभाग की शासन सचिव और डूंगरपुर जिला प्रभारी सचिव डॉ. आरुषि मलिक शनिवार को डूंगरपुर जिले के दौरे पर रही। उन्होंने डूंगरपुर जिला अस्पताल, एसबीपी कॉलेज और पीएम श्री महात्मा गांधी स्कूल टाउन का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रभारी सचिव डॉ. आरुषि मलिक ने डूंगरपुर कलेक्टर अंकित कुमार सिंह के साथ डूंगरपुर जिला अस्पताल पहुंची। प्रभारी सचिव ने अस्पताल के शिशु वार्ड, महिला वार्ड, आईसीयू सहित अन्य वार्डों का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई, स्वास्थ्य सुविधाओं सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने भर्ती मरीजों ओर उनके परिजनों से बात करते हुए अस्पताल में दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इसके बाद प्रभारी सचिव डॉ. आरुषि एसबीपी कॉलेज पहुंची, जहां उन्होंने कॉलेज परिसर का निरीक्षण किया। कॉलेज प्रिंसिपल गणेश निनामा ने अस्पताल की खस्ताहाल बिल्डिंग, रिक्त पड़े व्याख्याताओं के पद सहित अन्य समस्याओं से अवगत करवाया। जिस पर उन्होंने विभाग की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया। दौरे के दौरान प्रभारी सचिव ने शहर के पीएम श्री महात्मा गांधी टाऊन स्कूल का भी निरीक्षण किया।


