नगर निगम लुधियाना के वार्ड नंबर-26 स्थित फोकल पॉइंट इलाके में खुलेआम सड़क पर कचरा डंप करने का मामला सामने आया है। चौंकाने वाली बात यह है कि जिस प्राइवेट गाड़ी से कचरा फेंका गया, उस पर “नगर निगम लुधियाना” लिखा हुआ था। पूरी घटना का वीडियो खुद निगम कर्मचारियों ने रिकॉर्ड किया। शिकायत मिलने के बाद हेल्थ ब्रांच की टीम ने संबंधित व्यक्ति पर 25 हजार रुपए का चालान काट दिया। हालांकि, हैरानी की बात यह रही कि चालान की राशि वसूले बिना ही गाड़ी को छोड़ दिया गया। सूत्रों के मुताबिक गाड़ी को थाना तक ले जाया गया था और पुलिस में शिकायत देने की तैयारी थी, लेकिन सत्ताधारी दल के एक नेता के फोन के बाद मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। इस पूरे मामले पर कांग्रेसी पार्षद गौरव भट्टी ने निगम कमिश्नर को लिखित शिकायत देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि शहर पहले ही सफाई के मामले में पिछड़ चुका है और स्वच्छता रैंकिंग गिर रही है। ऐसे में यदि नियम तोड़ने वालों को राजनीतिक दबाव में छोड़ दिया जाएगा तो शहर को साफ-सुथरा बनाना मुश्किल हो जाएगा।


