रांची के ज्यादातर प्राइवेट स्कूलों में क्लास पहली से 9वीं क्लास के रिक्त सीटों पर नामांकन की प्रक्रिया चल रही है। इसके तहत विभिन्न क्लास के रिक्त सीटों पर एडमिशन के लिए आवेदन मांगे जा रहे हैं। वहीं कई स्कूलों में इसकी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इसके साथ ही प्री प्राइमरी क्लास में भी नामांकन की प्रक्रिया तेज हो गई है। कुछ स्कूलों में आवेदन प्रक्रिया पूरीकर ली गई है। वहीं कुछ स्कूलों में अब भी 20 से 40 प्रतिशत रिक्त सीटों पर नामांकन के लिए आवेदन मांगे जा रहे हैं। इधर, कई स्कूलों में 11वीं क्लास के लिए भी आवेदन प्रक्रिया शुरू है। क्लास एक से लेकर 9वीं तक तक टेस्ट के माध्यम से नामांकन लिया जाएगा। वहीं प्री प्राइमरी क्लास में पैरेंट्स इंट्रेक्शन, छात्रों से ओरल इंटरेक्शन के आधार पर नामांकन लिया जा रहा है। विभिन्न स्कूलों में आवेदन शुल्क 500 रुपए से लेकर 2500 रुपए तक रखा गया है। इन स्कूलों में रिक्त सीटें : रांची के कई प्रमुख स्कूलों में प्री प्राइमरी व प्रारंभिक क्लास के रिक्त सीटों के लिए आवेदन मांगे जा रहे हैं। इसके तहत फिरायालाल पब्लिक स्कूल में एलकेजी के लिए लगभग 40 प्रतिशत सीटें, डीएवी कपिलदेव में नर्सरी के लिए 20 प्रतिशत सीट, डीएवी नंदराज में प्री नर्सरी में 10 प्रतिशत सीट, लेडी केसी रॉय मेमोरियल स्कूल में प्री नर्सरी के लिए 30 प्रतिशत सीट, मनन विद्या में नर्सरी में 40 प्रतिशत सीट रिक्त हैं। इसके अलावा भी विभिन्न स्कूलों में प्रारंभिक क्लास में 20 प्रतिशत से 40 प्रतिशत तक सीटें रिक्त हैं।


