रीवा के बसामन मामा गौवंश वन्य विहार में 12 से 14 फरवरी तक गौ कथा का आयोजन होगा। प्रसिद्ध संत मलूक पीठाधीश्वर राजेन्द्र दास जी गौ संरक्षण और गौ आधारित प्राकृतिक खेती पर कथा करेंगे। कथा प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। संत आज शाम रीवा पहुंच गए हैं। इस अभियान की शुरुआत रीवा में 2 माह पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने की थी। डिप्टी सीएम राजेन्द्र शुक्ल ने आयोजन का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा है। शुक्ल ने कहा कि कथा से गौ संरक्षण और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा मिलेगा। आयोजन स्थल पर प्रसाद में प्राकृतिक खेती से उत्पादित अन्न और सब्जियों का ही उपयोग किया जाएगा। संतों और अतिथियों के ठहरने की भी समुचित व्यवस्था रहेगी। 10 एकड़ में बनेगा दुधारू गायों का शेड वन्य विहार से लगी 10 एकड़ भूमि में दुधारू गाय, बछड़े और गर्भवती गायों के लिए शेड व भूसा शेड का निर्माण प्रस्तावित है। वर्तमान में यहां बेसहारा गौवंश के संरक्षण के साथ प्राकृतिक खेती की जा रही है। आगामी चरण में दुधारू गौवंश संरक्षण का मॉडल भी विकसित किया जाएगा। सड़क किनारे लगाएंगे पीपल के पौधे प्रशासन ने निर्माणाधीन सड़क मार्ग के दोनों ओर पीपल का पौधारोपण करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, अन्य निर्माण कार्यों के भुगतान शीघ्र करने को कहा गया है।


