कुचामन की एक प्रिंटिंग प्रेस पर देशी शराब के नकली लेबल जब्त हुए हैं। आबकारी विभाग ने छापामार कार्रवाई करते हुए कुचामन स्थित पदम ऑफसैट से ढोला मारू 1 लाख 38 हजार नकली लेबल जब्त किए। आबकारी विभाग की टीम ने पदम ऑफसैट के संचालक अंकित जैन से पूछताछ की तो उसने बताया कि जयपुर स्थित भालोठिया प्रिंटिंग प्रेस में नकली लेबल छपाई का काम होता है। नागौर जिला आबकारी अधिकारी मनोज बिस्सा ने आबकारी आयुक्त शिवप्रसाद नकाते को पूरी कार्रवाई की जानकारी दी तो आयुक्त नकाते ने पूरे रैकेट का पर्दाफाश करने के निर्देश दिए। कुचामन में कार्रवाई के बाद नागौर जिला आबकारी अधिकारी मनोज बिस्सा ने कार्रवाई के सत्यापन के लिए बोगस ग्राहक बनकर भालोठिया प्रिंटिंग प्रेस को 1 लाख 58 हजार नकली लेबल बनाने का ऑर्डर दिया। इसके बाद आबकारी विभाग की टीम जयपुर पहुंची। टीम ने कुचामन के अंकित जैन की निशानदेही पर भालोठिया प्रिंटिंग प्रेस पर छापा मारा। जयपुर स्थित भालोठिया प्रिंटिंग प्रेस पर नकली लेबल बनाने की डाई, फर्जी जीएसटी बिल और प्रिंटिंग प्लेट्स बड़ी संख्या में जब्त की। जयपुर में कार्रवाई करने पहुंची टीम ने प्रेस संचालक प्रतीक भालोठिया से बोगस ग्राहक बनकर दिए देशी शराब के नकली लेबल के बारे में पूछताछ की तो पता चला कि उसने वो माल ट्रांसपोर्ट के जरिए कुचामन भेज दिया। आबकारी टीम ने कुचामन में 1 लाख 58 हजार के नकली लेबल के माल काे जब्त कर लिया। आबकारी विभाग ने कुचामन के अंकित जैन और प्रतीक भालोठिया के विरूद्ध कॉपीराइट व जीएसटी एक्ट में मामला पंजीबद्ध करने के लिए पुलिस व कर विभाग को सूचना दी है। नागौर जिला आबकारी अधिकारी मनोज बिस्सा ने बताया कि नकली लेबल की बड़ी खेप पकड़ी गई है। माना जा रहा है कि ये नकली लेबल की खेप के तार नकली शराब बनाने वाले से जुड़े हो सकते हैं। आबकारी विभाग की टीम पेमेंट बिल और व्हाट्सप चैटिंग के जरिए आगे का अनुसंधान कर रही है। कुचामन और जयपुर में कार्रवाई करने वाली टीम ने मामला जयपुर जिला आबकारी अधिकारी देविका तोमर व जयपुर ग्रामीण जिला आबकारी अधिकारी राजेंद्र गर्ग को अग्रिम कार्रवाई के लिए सुपुर्द किया है। टीम में आबकारी निरीक्षक मोहन सिंह निर्वाण नावां, बाबूलाल जलवानिया नागौर, दीनदयाल मीणा डीडवाना, प्रहराधिकारी लोडू राम नावां समेत कई अन्य लोग शामिल थे।


