कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के विदेश भागने के बाद एक और अपराधी के विदेश भागने की सूचना सामने आई है। इस बार जेल में बंद कुख्यात अमन साहू गिरोह के एक गुर्गे आशीष साहू के विदेश भागने की खबर है। आशीष ने सोशल मीडिया पर एक पासपोर्ट की तस्वीर पोस्ट की है। जिसमें लिखा है कि बाय-बाय इंडिया। आशीष साहू तुम्हारे जेल से फरार। पासपोर्ट में उसका नाम रुद्र साहू दिखाया गया है। पासपोर्ट को देख कर यह आशंका जताई जा रही है कि उसने फर्जी नाम से पासपोर्ट बनवाया है। आशीष कुख्यात गैंगस्टर अमन साहू गिरोह का मुख्य शूटर है। गिरफ्तारी से पहले गैंगस्टर अमन साहू ने भी बड़कागांव थाना से भागने के बाद देश छोड़ने पर ऐसा ही पोस्ट सोशल मीडिया पर डाला था। बीजीआर कंपनी के मैनेजर की हत्या में शामिल था आशीष : गढ़वा में बीजीआर कंपनी के मैनेजर और झामुमो नेता की हत्या में आशीष साहू शामिल था। फर्जी पासपोर्ट बनवाने का खुलासा तब हुआ जब गढ़वा और रामगढ़ पुलिस उसका प्रोडक्शन वारंट लेकर सिमडेगा जेल पहुंची। वहां पता चला कि वह 23 जनवरी 2025 को ही जेल से रिहा हो चुका है। वह मूल रूप से चतरा के सिमरिया का रहने वाला है।


