भास्कर न्यूज | धमतरी ओडिशा के राउरकेला निवासी 25 वर्षीय युवक ने प्रेमिका के पति पर चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपी दीवार फांदकर फरार हो गया। मोबाइल लोकेशन ट्रेस कर धमतरी एसपी सूरज सिंह परिहार ने महासमुंद जिले के एसपी से संपर्क किया। जिसके बाद फरार आरोपी को 24 घंटे में पुलिस ने पकड़ा है। आरोपी के खिलाफ थाना रूद्री में धारा 109(1), 332(बी) बीएनएस के तहत हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। रिमांड पर भेजा गया। प्रार्थी ने थाना रूद्री में शिकायत की। बताया सोनू साहू उसकी पत्नी का पुराना परिचित है। वह 2 साल से पत्नी को परेशान कर रहा था। बीती रात करीब 1 बजे सोनू ने घर का दरवाजा खटखटाया। पत्नी को साथ चलने को कहा। दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोपी सोनू ने प्रेमिका के पति को जान से मारने की धमकी की और चाकू से हमला कर दिया। उसके गले, दोनों हाथ और शरीर के अन्य हिस्से में चोट आई। वह चिल्लाया और आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन सोनू दीवार कूदकर भाग गया। इसके बाद प्रार्थी ने पत्नी-बच्चों को बाहर निकाला और मकान मालिक को पूरी बात बताई। एसपी सूरज सिंह परिहार को सूचना दी गई। उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। थाना प्रभारी रूद्री अमित बघेल ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपी घटना के बाद फरार हो गया था। तकनीकी साक्ष्य के आधार पर उसकी लोकेशन पता की गई।


