सागर की देवरी पुलिस ने एक गुमशुदा युवक की तलाश करते हुए बड़े हत्याकांड का पर्दाफाश किया है। पुलिस जिसे लापता समझकर तलाश रही थी, उसे गुमशुदगी दर्ज होने से पहले ही मार दिया गया था। आरोपी दोस्त की पत्नी को पाना चाहता था, इसलिए उसका मर्डर कर लाश सेप्टिक टैंक में डाल दी। इतना ही नहीं, हत्या के बाद पत्नी को बातों में फंसाया और अहमदाबाद ले गया। वहां दोनों साथ रहने लगे। पत्नी को पति की हत्या की भनक तक नहीं लगने दी। अहमदाबाद में विवाद होने पर प्रेमिका जब उसे छोड़कर वापस लौटी तो वह गुस्से से पागल हो गया। उसने प्रेमिका के देवर को इंस्टाग्राम पर मैसेज किया कि हमने हत्या की है। दोस्त की पत्नी के साथ कुछ फोटो-वीडियो पोस्ट किए। एक मैसेज से पुलिस कैसे आरोपी तक पहुंची, दैनिक भास्कर ने इस चौंकाने वाले हत्याकांड को लेकर जांच अधिकारी से बात की, पढ़िए रिपोर्ट… सबसे पहले पढ़िए पूरा घटनाक्रम… सागर के लक्ष्मी नगर बहेरिया में रहने वाले प्रिंस पिता राजेश वाल्मीकि (22) ने 2023 में लव मैरिज की थी। शादी के बाद देवरी में काम मिला तो पत्नी के साथ वहीं रहने लगा। 20 अगस्त 2025 को वह अचानक प्रिंस लापता हो गया। दो दिन तक पति घर नहीं लौटा तो पत्नी देवरी पुलिस के पास पहुंची और गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस को बताया कि 20 अगस्त की शाम 7 बजे पति प्रिंस निकले थे। उसने आखिरी बार उन्हें तभी देखा था। पत्नी की शिकायत पर केस दर्ज कर पुलिस ने प्रिंस की तलाश शुरू की। छानबीन करते हुए पुलिस प्रिंस के परिवार तक पहुंची। परिजनों ने देवरी के गांधी वार्ड में रहने वाले प्रिंस की पत्नी के पूर्व प्रेमी शोएब पिता नवाज खान (23) पर संदेह जताया। करेली में रिश्तेदार के घर छिपा मिला शोएब संदेह के आधार पर पुलिस ने शोएब खान को तलाशने के लिए टीम बनाई। काफी तलाश के बाद आरोपी की लोकेशन नरसिंहपुर जिले के करेली में मिली। पुलिस की एक टीम करेली पहुंची और मुखबिरों को एक्टिव किया। यहां पुलिस को शोएब के रिश्तेदारों के बारे में पता चला। यह भी पता चला कि शोएब का कुछ दिन पहले ट्रैक्टर से एक्सीडेंट हुआ था, जिसमें उसे काफी चोट आई थी, जिस कारण उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शोएब को भनक लगी कि पुलिस उसे तलाश रही है तो उसने अस्पताल से छुट्टी कराई और गायब हो गया। यहां से निकलकर वह करेली के पास एक गांव में अपने रिश्तेदार के घर जाकर छिप गया। मुखबिरों की सूचना पर पुलिस ने रिश्तेदार के घर दबिश दी और उसे पकड़ लिया। आरोपी की कहानी सुनकर पुलिस भी चकराई पूछताछ में पुलिस को समझ आया कि आरोपी शोएब बेहद शातिर है। उसने पुलिस को काफी गुमराह किया। शुरुआती पूछताछ में उसने बताया कि मृतक प्रिंस की पत्नी का फोन आया था, उसने उसे बुलाया था। वह मौके पर पहुंचा तो वहां प्रिंस मृत पड़ा हुआ था। लाश के पास ही प्रिंस की पत्नी, पिता, जीजा समेत कुछ अन्य लोग खड़े हुए थे। प्रिंस के सिर से खून बह रहा था। उन लोगों ने प्रिंस के शव को ठिकाने लगाने के लिए कहा। उनके कहने पर मैं और प्रिंस की पत्नी ने लाश को कचरे के ढेर में छिपा दिया। 6 से 7 दिन तक हम निगरानी करते रहे। जब शव नष्ट हो गया और हडि्डयां बचीं तो उठाकर नाले में फेंक दिया। पुलिस ने उसकी कहानी को सुना और समझा, जो काफी चौंकाने वाली थी। पुलिस के मन में यही सवाल उठा कि आखिर शव 6 से 7 दिन में पूरी तरह से नष्ट कैसे हो सकता है। आरोपी के कहे अनुसार 7 दिन में शव कंकाल बन चुका था। पुलिस को उसकी बातों पर संदेह हुआ। सख्ती की तो टूटा आरोपी, बताई मर्डर की कहानी आरोपी की चालाकी भांपकर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की। इस पर वह टूट गया। उसने हत्याकांड की हकीकत उगल दी। उसने बताया कि 20 अगस्त 2025 को वह प्रिंस वाल्मीकि के साथ ही था। दिन में उन्होंने सहजपुर चौराहे के पास स्थित शराब दुकान से शराब ली और एकांत में साथ बैठकर पी। रात में दोनों गांधी वार्ड में घर के पास स्थित स्कूल मैदान में पहुंचे। यहां मौका मिलते ही प्रिंस के सिर पर पत्थर मारकर हत्या कर दी। हत्या कर शव पास में बने सेप्टिक टैंक में फेंक दिया। ऊपर से कचरा और मिट्टी डाल दी। पहचान न हो, इसलिए उसकी अंगूठी निकालकर झुंनकू नदी में फेंक दी। रोजाना शव की निगरानी करता रहा। कुछ दिनों तक जब किसी ने इसे लेकर कोई बात नहीं की तो काम करने अहमदाबाद चला गया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस 9 फरवरी की रात स्कूल ग्राउंड पर पहुंची। पास में बने सेप्टिक टैंक की खुदाई कराई, जहां नर कंकाल के अवशेष बरामद हुए। मौके से मानव खोपड़ी और हडि्डयां जब्त कर पुलिस थाने ले आई। प्रिंस की पत्नी को साथ रखना चाहता था, इसलिए उसे मार डाला पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को हत्या का कारण बताया। उसने कहा- प्रिंस की पत्नी से उसका अफेयर था। हालांकि, उसने बाद में प्रिंस से शादी कर ली। उसके साथ घर बसा लिया। प्रेमिका की यह बात उसे अच्छी नहीं लगी। इसे लेकर वह काफी खफा था। वह अपनी प्रेमिका को पाना चाहता था। इसके लिए प्रिंस को रास्ते से हटाना जरूरी था। मौका मिला तो प्रिंस की हत्या कर दी। जैसा सोचा हुआ भी वैसा ही। प्रिंस लापता हुआ तो वह प्रेमिका के फिर से करीब आ गया। उसकी बात मानकर वह उसके साथ गुजरात चलने को तैयार हो गई। करीब एक महीने तक साथ में अहमदाबाद में रही। विवाद हुआ तो वापस लौटी, पति की तलाश में पुलिस के पास पहुंची गुजरात में रहते समय आरोपी शोएब और प्रेमिका के बीच विवाद हो गया। विवाद मारपीट तक पहुंच गया। गुस्से में प्रेमिका थाने पहुंची और आरोपी की शिकायत कर दी। इतना ही नहीं वह शोएब को छोड़कर वापस देवरी लौट आई। देवरी आने के बाद वह थाने पहुंची और लापता पति प्रिंस के बारे में जानकारी मांगी। हालांकि तब तक पुलिस के पास कोई पुख्ता सबूत नहीं था। पुलिस ने जांच की बात की। प्रिंस के भाई को इंस्टा पर मैसेज किया तो हुआ शक प्रेमिका उसे छोड़कर अहमदाबाद से वापस लौटी तो शोएब आग-बबूला हो गया। वह उससे बदला लेना चाहता था, इसलिए इंस्टाग्राम पर उसने प्रिंस के भाई और परिवार वालों को कुछ मैसेज किए। मैसेज में उसने लिखा- प्रिंस की हत्या हुई है। इंस्टाग्राम अकाउंट पर उसने मृतक की पत्नी के साथ अपने कुछ फोटो और वीडियो भी पोस्ट किए। इसी मैसेज से परिवार को संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस को शोएब के बारे में बताया। पुलिस को यह कड़ी मिली और हत्याकांड का खुलासा हो गया। सेप्टिक टैंक से मिले कंकाल के अवशेष पुलिस के अनुसार- सेप्टिक टैंक की खुदाई कराई गई थी, जहां से नर कंकाल के अवशेष मिले। मौके से खोपड़ी, हडि्डयां समेत अन्य अवशेष मिले हैं। नर कंकाल के अवशेष मिलने पर सागर से एफएसएल टीम को बुलाया गया था। टीम ने वारदात स्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। मानव कंकाल के अवशेषों को जांच के लिए भेजा गया है। प्राथमिक जांच में उक्त कंकाल लापता प्रिंस वाल्मीकि का होना मान रहे हैं। अधिकृत पहचान के लिए डीएनए जांच करा रहे हैं। रहवासियों को दुर्गंध आई, लेकिन ध्यान नहीं दिया पुलिस ने यह भी बताया कि हत्या के बाद शव रहवासी इलाके के बीच खाली पड़े प्लॉट में बने जर्जर सेप्टिक टैंक में फेंका गया था। उस स्थान पर कचरा और गंदगी पड़ी रहती है। वारदात के कुछ दिन बाद रहवासियों को दुर्गंध भी आई, लेकिन उन्होंने ध्यान नहीं दिया। रहवासियों का मानना था कि कोई जानवर मर गया होगा, इसलिए दुर्गंध आ रही है। धीरे-धीरे दुर्गंध खत्म हो गई और हत्या का राज एक तरह से दफन हो गया। हत्या के 20 दिन बाद गुजरात चला गया था आरोपी आरोपी शोएब हत्या करने के बाद कुछ दिन तक देवरी में रहा। इस दौरान वह मृतक की पत्नी से मिलता रहा और उसे पति की तलाश करने में मदद करने की बात कहता था। करीब 20 दिन बाद वह गुजरात जाने लगा, तभी उसे मृतक की पत्नी को हमदर्दी दिखाई और पति को ढूंढने में मदद करने का भरोसा दिलाकर अपने साथ ले गया था। वहां करीब एक महीने साथ रहे। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हो हुआ। विवाद में मारपीट की गई। जिससे खफा होकर मृतक की पत्नी वापस देवरी लौट आई थी। पुलिस की अब तक की जांच में मृतक की पत्नी की हत्या के मामले में कोई भी भूमिका सामने नहीं आई है। हालांकि, पुलिस उससे मामले को लेकर पूछताछ करेगी। साथ ही मोबाइल की कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्य खंगाले जा रहा है। मामले में आगे की जांच कर रहे एएसपी लोकेश सिन्हा ने बताया कि सोशल मीडिया से मिले साक्ष्यों के आधार पर संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई थी, जिसमें हत्या का मामला उजागर हुआ। आरोपी ने लापता युवक की हत्या कर शव सेप्टिक टैंक में दफना दिया था। आरोपी और मृतक की पत्नी का अफेयर था। यही वारदात की वजह बनी। आरोपी की निशानदेही पर सेप्टिक टैंक से नरकंकाल के अवशेष जब्त किए हैं, जिन्हें डीएनए जांच के लिए भेजा जा रहा है। आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।


