भास्कर न्यूज| धमतरी चालीहा महोत्सव 21 मई से 30 जून तक श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इसके लिए प्रेम प्रकाश आश्रम में तैयारियां चल रही है। यह पर्व न केवल भारत में बल्कि दुनिया भर में बसे गुरु भक्तों द्वारा प्रेमपूर्वक मनाया जा रहा है। प्रेम प्रकाश आश्रम के सेवक अशोक रोहरा ने बताया कि प्रेम प्रकाश आश्रम की स्थापना साल-2005 में हुई थी। 21 मई बुधवार को रात 9.30 बजे से 10.30 बजे तक एक भक्त ने गुप्त नाम से स्वामी टेऊंराम चालीसा पाठ का आयोजन कराया है। रात 9.30 बजे सबसे पहले प्रार्थना होगी। इसके बाद गुरु प्रार्थना अष्टक का पाठ किया जाएगा। फिर दुख निवारण अष्टक का पाठ होगा। इसके बाद ईश्वर और आचार्य श्री की महिमा से भरे भजन गाए जाएंगे। कीर्तन करते हुए भक्त सत्संग का आनंद लेंगे। फिर गुरु बाबा का चालीसा पाठ किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में आचार्य श्री और भगवान लक्ष्मी नारायण की आरती होगी।


