जालोर में प्रेम-प्रसंग में कोर्ट मैरिज के बाद गुरुवार देर शाम कलेक्ट्रेट परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। सुरक्षा की मांग को लेकर एसपी कार्यालय पहुंचे युवक-युवती को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। मुख्य गेट पर करीब एक घंटे तक हंगामा चलता रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभाली और देर रात दोनों को सुरक्षा के साथ घर भेजा। कोर्ट मैरिज के बाद पहुंचे एसपी ऑफिस जानकारी के अनुसार, जालोर निवासी युवक-युवती ने 25 फरवरी को दिन में कोर्ट मैरिज की। इसके बाद संभावित विवाद को देखते हुए वे शाम को एसपी कार्यालय पहुंचे। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बातचीत और समझाइश का प्रयास चलता रहा, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। शाम ढलते-ढलते कचहरी परिसर के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई। माहौल तनावपूर्ण हो गया। घर छोड़ने निकली पुलिस, फिर लौटना पड़ा पुलिस ने औपचारिक कार्रवाई के बाद प्रेमी युगल को सुरक्षा के साथ घर छोड़ने की तैयारी की। जैसे ही पुलिस वाहन कलेक्ट्रेट मुख्य गेट से बाहर निकला, लड़की पक्ष के लोगों ने विरोध जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। करीब एक घंटे तक गहमागहमी चलती रही। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस वाहन को वापस एसपी कार्यालय लाया गया। बाद में अतिरिक्त सुरक्षा के साथ देर रात दोनों को उनके घर पहुंचाया गया। सूचना पर कोतवाली थाना SHO रामेश्वर लाल भाटी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने भीड़ को समझाकर हटाया और कानून व्यवस्था बनाए रखी।


