बोकारो जिले के चास मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में बुधवार को एक सड़क हादसे में प्लसटो आयरन कंपनी के अकाउंटेंट की मौत हो गई। मृतक की पहचान धनबाद के सुदामडीह निवासी 33 वर्षीय गोविंद रवानी के रूप में हुई है। वह पिछले चार वर्षों से कंपनी में कार्यरत थे। गोविंद रोज की तरह बाइक से अपने कार्यस्थल जा रहे थे। पुपुनकी के पास एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके पिता का नाम जीतू रवानी है। घटना की सूचना मृतक के चाचा झरी लाल रवानी ने परिवार को दी। परिजनों के अनुसार, गोविंद परिवार की आर्थिक रीढ़ थे। चास थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से वाहन और चालक की पहचान करने में जुटी है। परिजनों और सहकर्मियों ने प्रशासन से मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।


