लुधियाना| ऋषि नगर स्थित प्लॉट पर कब्जे व सामान चोरी के आरोप में थाना पीएयू की पुलिस ने मामला दर्ज किया है। इसमें पुलिस ने महिला समेत तीन लोगों को नामजद किया है। आरोपियों की पहचान ऋषि नगर निवासी सोहन सिंह, जतिंदर सिंह व उसकी पत्नी गुरप्रीत कौर के रूप में हुई है। अभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस ने यह मामला जनपथ एस्टेट के रहने वाले सुरेश कुमार की शिकायत पर दर्ज किया। सुरेश का कहना है कि उनका ऋषि नगर में एक प्लॉट है। आरोपियों ने उनके प्लॉट की चारदीवारी तोड़ सामान चोरी कर लिया और प्लॉट पर कब्जा कर लिया। पता चलने पर उन्होंने पुलिस को शिकायत दी। जांच के बाद पुलिस ने आरोपियों पर मामला दर्ज किया।