फतेहगढ़ चूड़ियां रोड फ्लाईओवर पर 2 दिन से खड़ा लावारिस ट्राला, हादसे का बना खतरा

भास्कर न्यूज | अमृतसर फतेहगढ़ चूड़ियां रोड स्थित फ्लाईओवर हाईवे पर पिछले दो दिनों से एक लावारिस ट्राला खड़ा है, जो कभी भी बड़े हादसे की वजह बन सकता है। व्यस्त मार्ग होने के बावजूद ट्राले के आगे-पीछे न तो कोई बेरिकेडिंग की गई है और न ही चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। ऐसे में तेज रफ्तार से गुजरने वाले वाहन चालकों के लिए यह गंभीर खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार ट्राला शनिवार रात से फ्लाईओवर पर खड़ा है। रात के समय दृश्यता कम होने के कारण दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है। ट्राले के आसपास कांच बिखरा पड़ा है, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि पहले भी कोई वाहन इससे टकरा चुका है। बावजूद इसके संबंधित विभाग या पुलिस की ओर से अब तक ट्राले को हटाने की कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। फ्लाईओवर पर लगातार भारी वाहनों और कारों की आवाजाही रहती है। ऐसे में बिना संकेतक के खड़ा ट्राला राहगीरों और वाहन चालकों के लिए मुसीबत बन सकता है। इस संबंध में थाना सदर के एसएचओ किरनदीप सिंह ने बताया कि संभव है ट्राले में कोई तकनीकी खराबी आने के कारण उसे वहां खड़ा किया गया हो। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कर ट्राले को जल्द हटवाया जाएगा। वहीं ट्राले के पास पड़े कांच के बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *