फतेहपुर के चौकुन्दा में गायत्री महायज्ञ से क्षेत्र भक्तिमय

भास्कर न्यूज|फतेहपुर फतेहपुर प्रखंड के चौकुन्दा स्थित नव दुर्गा मंदिर प्रांगण में मंगलवार को आयोजित नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ का शुभारंभ श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में हुआ। महायज्ञ के प्रथम दिन नौ कुंडों में विधिवत हवन यज्ञ संपन्न कराया गया। शांतिकुंज हरिद्वार से पधारी टोली के नायक सुनील कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ षोडशोपचार पूजन संपन्न कराया गया। इसके उपरांत गायत्री महामंत्र से आहुतियां अर्पित की गईं, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत हो उठा। टोली नायक सुनील कुमार श्रीवास्तव ने उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि गायत्री महायज्ञ का उद्देश्य व्यक्ति, परिवार और समाज में सद्भाव, संस्कार और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना है। उन्होंने बताया कि महायज्ञ के अगले दिन से गर्भवती माताओं के लिए पुंश्वन संस्कार कराया जाएगा, जिससे भावी संतान संस्कारवान, स्वस्थ और सद्गुणों से युक्त जन्म ले सके। यह संस्कार भारतीय संस्कृति की महत्वपूर्ण परंपरा है, जो गर्भावस्था के दौरान सकारात्मक विचारों और आध्यात्मिक चेतना को बढ़ावा देता है। हवन यज्ञ में फतेहपुर क्षेत्र के कई दंपतियों ने भाग लेकर आहुतियां दीं और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। श्रद्धालुओं में कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह देखा गया। आयोजन समिति के अनुसार प्रतिदिन शाम छह बजे से रात नौ बजे तक प्रवचन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जीवन मूल्यों, संस्कारों और अध्यात्म पर सारगर्भित विचार प्रस्तुत किए जाएंगे। महायज्ञ के सफल आयोजन को लेकर स्थानीय श्रद्धालुओं और आयोजकों में गहरी आस्था और उत्साह का माहौल बना हुआ है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *