फतेहपुर शिविर में 37 परिवेदनाओं में से 13 का मौके पर किया निस्तारण

भास्कर न्यूज|बारां सुशासन सप्ताह प्रशासन गांव की ओर अभियान में शुक्रवार को जिले के सभी ब्लॉक की चयनित पंचायतों में शिविर लगाए। शिविर में जिला स्तरीय अधिकारियों के अलावा संबंधित ब्लॉक स्तर एवं ग्राम पंचायत स्तर के अधिकारियों द्वारा मौके पर जन शिकायतों का निस्तारण करके सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया। शिविर में केंद्र व राज्य सरकार से जुड़ी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी मौके पर उपस्थित ग्रामीणों को दी। ग्रामीणों से सरकार की महत्वपूर्ण योजना का लाभ स्वयं लेने व दूसरों को प्रेरित करने की अपील की। पंचायत स्तरीय आयोजित शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा अलग अलग स्टॉल लगाकर सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान ग्रामीणों ने विभिन्न योजनाओं के आवेदन भी दिए। शिविर में आमजन की समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर राहत दी। शुक्रवार को राजीव गांधी सेवा केंद्र फतेहपुर, ग्राम पंचायत कार्यालय कटावर, बापचा, राजीव गांधी सेवा केंद्र अजनावर, रायथल मेला मैदान, सोरसन, रामगढ़ एवं राजीव गांधी सेवा केंद्र देवरी में शिविर आयोजित किए। एसडीएम अभिमन्यु सिंह कुंतल ने बताया कि सुशासन सप्ताह प्रशासन गांव की ओर के तहत ग्राम पंचायत फतेहपुर में शिविर लगाया। जिसमें ग्राम पंचायत माथना, संबलपुर व फतेहपुर के ग्रामीणों ने परिवेदनाएं दी। शिविर में विधायक राधेश्याम बैरवा, प्रधान मोरपाल सुमन, मंडल अध्यक्ष निरंजन शर्मा, विकास अधिकारी राहुल बैरवा, तहसीलदार बारां एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान कुल 37 परिवेदनाएं प्राप्त हुई। जिनमें से 13 परिवेदनाएं का मौके पर ही निस्तारण किया। मैना कुमारी व रिंकू बाई निवासी फतेहपुर में कैंप में परिवाद प्रस्तुत कर प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना के भुगतान नहीं मिलने की शिकायत की गई। जिसका मौके पर ही समाधान कर राशि भुगतान की कार्रवाई की। आज यहां लगेंगे शिविर: शनिवार को बारां में राजीव गांधी सेवा केंद्र खैराली, ग्राम पंचायत कार्यालय कुंजेड़, फलिया, राजीव गांधी सेवा केंद्र बमोरीघाटा, बोहत तेजाजी मेला मैदान, ग्राम पंचायत पलायथा, ग्राम पंचायत रेलावन एवं राजीव गांधी सेवा केंद्र समरानियां में प्रशासन गांव की ओर शिविर आयोजित किए जाएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *