फतेहाबाद में गांधी परिवार पर बरसे अनुराग ठाकुर:सांसद बोले- पूर्व PM मनमोहन की मौत पर राजनीति की; राहुल गांधी माफी मांगे

हरियाणा के फतेहाबाद पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हिमाचल के सांसद अनुराग ठाकुर ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार पर सियासत करने पर सोनिया गांधी व राहुल गांधी को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि गांधी परिवार का स्तर काफी गिर चुका है, वे ये भूल गए कि 2013 में उनकी सरकार के शासनकाल में ही निगम बोध पर संस्कार करने का फैसला लिया गया था। उन्होंने कांग्रेस पार्टी से सवाल किया कि वे बताए कि उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव का संस्कार दिल्ली में क्यों नहीं होने दिया, वे बताए कि सीता राम केसरी की मृत्यु पर क्या हुआ था? अनुराग ठाकुर ने कहा कि मोदी सरकार ने तुरंत कैबिनेट की बैठक बुलाकर पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का स्मारक बनाने का फैसला लिया। सांसद अनुराग ठाकुर रविवार को सिरसा में पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद फतेहाबाद में रुके थे। उन्होंने गांधी और नेहरु परिवार पर हमला बोलते हुए कहा कि क्या ये दोनों परिवार इतने गिर जाएंगे कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की मृत्यु पर भी राजनीति करेगा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को देश से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस का चरित्र और इतिहास है कि ये हर बात पर राजनीति करते हैं। लेकिन किसी मृत्यु पर राजनीति करना इससे बड़ा दुर्भाग्य क्या होगा ? उन्होंने कांग्रेस पर अगला वार करते हुए कहा कि डॉ. बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर को कांग्रेस ने भारत रत्न नहीं दिया जबकि जवाहर लाल नेहरु, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी को भारत रत्न दिया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने तो डॉ. अंबेडकर को भारत रत्न दिया और पंच तीर्थ बनाए, संविधान दिवस मनाना शुरु किया। किसान आंदोलन के मुद्दे पर बोलते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों के हितों के कई अहम फैसले लिए। उन्होंने कहा कि यह केवल कांग्रेस का दुष्प्रचार था कि एमएसपी बंद होगी। उन्होंने कहा कि आज देश में कहीं भी एमएसपी बंद नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में साढ़े पांच लाख करोड़ की राशि एमएसपी पर खर्च की जबकि भाजपाकी सरकार ने साढ़े 18 लाख करोड़ रुपए की राशि एमएसपी पर खर्च की है। वहीं पंजाब की भगवंत मान सरकार पर बरसते हुए अनुराग ठाकुर बोले कि पंजाब की भगवंत मान सरकार दावा करती थी कि अगर किसानों की फसल कोई नहीं खरीदेगा तो हम सभी फसलें खरीदेंगे। उन्होंने कहा कि भगवंत सरकार को खुली चुनौती है कि वे बताएं आजतक उनकी सरकार कितनी फसलें खरीद है। कितने खरीद केंद्र और स्टोरेज सेंटर बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि किसानों के नाम पर राजनीति करना उचित नहीं है। दिल्ली विधानसभा चुनावों को लेकर अनुराग ठाकुर ने कहा कि जैसे हरियाणा,महाराष्ट्र में भाजपा ने जीत दर्ज की है वैसे ही इस बार दिल्ली भी जीतेंगे। आम आदमी पार्टी नेता अरविंद केजरीवाल को आड़े हाथ लेते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि अरविंद केजरीवाल का जनाधार समाप्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि ऐसी सरकार जिसके स्वास्थ्य मंत्री, जेलमंत्री, आबकारी मंत्री, उपमुख्यमंत्री और तो और मुख्यमंत्री जेल में हैं। आजादी के बाद यह एक पहली ऐसी सरकार है जिसने भ्रष्टाचार के रिकार्ड तोड़ दिए हैं। सरकार के 15 विधायक, 8 मंत्री और 1 सांसद जेल में है। अब यह किस मुंह से जनता से वोट मांगेगे। अनुराग ठाकुर ने सवाल करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार ने पंजाब में महिलाओं को 1 हजार रुपए देने का वादा किया था, पंजाब 2 साल हो गए सरकार बने, क्या किसी महिला को पैसा मिला? उन्होंने कहा यह सब चुनाव के समय यह नौटंकी करते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *