दुर्ग जिले में लंबे समय से फरार स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी और लंबित वारंटों की तामीली के लिए दुर्ग पुलिस ने विशेष अभियान तेज कर दिया है। जिले के समस्त थाना एवं चौकी क्षेत्रों में लगातार कांबिंग गश्त और पतासाजी के माध्यम से वारंटियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा 13 फरवरी से यह विशेष अभियान शुरू किया गया, जिसके तहत स्थायी (बेमियादी) और गिरफ्तारी वारंटों की तामीली हेतु व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के पहले दिन यानी 13 फरवरी को दुर्ग पुलिस ने 32 स्थायी (बेमियादी) वारंट और 46 गिरफ्तारी वारंट तामील किए। इसके बाद लगातार दूसरे दिन 14 फरवरी को अभियान को और अधिक तेज करते हुए 97 स्थायी (बेमियादी) वारंट तथा 47 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए। वारंटियों को कोर्ट में किया पेश
दोनों दिनों की संयुक्त कार्रवाई में कुल 129 स्थायी (बेमियादी) वारंट और 93 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए। गिरफ्तार वारंटियों को विधिवत माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। पुलिस ने बताया कि अभियान के दौरान पूर्व दिवस में ऐसे 16 वारंटियों के संबंध में भी नियमानुसार प्रक्रिया पूरी की गई, जिनकी मृत्यु हो चुकी है। इससे लंबित मामलों के निराकरण में भी सहायता मिली है। लगातार की जाएगी कार्रवाई
पुलिस अफसरों की माने तो लगातार निगरानी, कांबिंग गश्त और समन्वित प्रयासों के माध्यम से लंबित वारंटों की त्वरित तामीली सुनिश्चित की गई। आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। फरार रहने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि जिले में यह अभियान आगे भी सतत रूप से जारी रहेगा।


