फरीदकोट की केंद्रीय मॉडर्न जेल से मोबाइल फोन बरामद होने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। जेल कर्मियों ने एक बार फिर तलाशी अभियान के दौरान विभिन्न बैरकों से लावारिस हालत में 10 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस संबंध में जेल प्रशासन ने थाना सिटी पुलिस को शिकायत भेजकर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ जेल एक्ट के तहत केस दर्ज करवाया है। जेल के सहायक अधीक्षक वीरपाल सिंह ने बताया कि जेल प्रशासन समय-समय पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से बैरकों की सर्च करता रहता है। इसी क्रम में किए गए इस विशेष अभियान में 10 मोबाइल फोन लावारिस हालत में मिले। उन्होंने कहा कि जेल में प्रतिबंधित वस्तुओं की रोकथाम के लिए लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। पहले भी कई बार बरामद हो चुके हैं मोबाइल यह पहली बार नहीं है जब जेल से मोबाइल फोन बरामद हुए हों। इससे पहले भी कई बार तलाशी के दौरान मोबाइल फोन और अन्य प्रतिबंधित सामान पकड़े जा चुके हैं। जनवरी 2026 में अलग-अलग दिनों में की गई सर्च के दौरान कुल 24 मोबाइल फोन बरामद किए गए थे, जबकि हाल ही में 6 मोबाइल फोन मिले थे। लगातार हो रही इन बरामदगियों से जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस और जेल प्रशासन मिलकर करेंगे सख्त कार्रवाई इस मामले में डीएसपी तरलोचन सिंह ने बताया कि पुलिस द्वारा मामले की गहन जांच की जा रही है और जेल प्रशासन के साथ मिलकर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और भविष्य में भी तलाशी अभियान लगातार जारी रहेंगे। बरामद मोबाइल से मिल सकते हैं अहम सुराग डीएसपी ने बताया कि बरामद मोबाइल फोनों की जांच के दौरान अहम सुराग मिल सकते हैं, जिससे यह स्पष्ट होगा कि मोबाइल फोन जेल के भीतर किस माध्यम से पहुंचाए गए। फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


