पंजाब में फरीदकोट की केंद्रीय मॉडर्न जेल में मोबाइल फोन समेत अन्य प्रतिबंधित सामान मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। ताजा मामले में जेल प्रशासन द्वारा बैरकों की सर्च के दौरान 9 मोबाइल फोन लावारिस हालत में बरामद हुए हैं। इस संबंध में जेल के सहायक अधीक्षक गुरचरण सिंह की शिकायत पर थाना सिटी पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ जेल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार, जेल प्रशासन द्वारा समय-समय पर जेल परिसर और विभिन्न बैरकों की तलाशी ली जाती है। इसी क्रम में की गई सर्च के दौरान बैरकों से 9 मोबाइल फोन लावारिस हालत में पड़े मिले। इन मोबाइल फोनों का उपयोग करने वाले कैदियों या हवालातियों की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। बता दें कि इस साल जनवरी व फरवरी माह के दौरान ही 75 से ज्यादा मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं। पिछले माह 26 फरवरी को भी जेल प्रशासन द्वारा सर्च के दौरान 17 मोबाइल फोन लावारिस हालत में बरामद किए थे। जेल से चल रहा है नशे व हथियार का नेटवर्क जिला पुलिस द्वारा हाल ही के दिनों में नशे व अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार आरोपियों की पूछताछ में खुलासा हुआ है कि फरीदकोट जेल में बंद अपराधियों की तरफ से यह नेटवर्क संचालित किया जा रहा है। सूत्रों का दावा है कि जेल में बंद अपराधी मोबाइल फोन से ही सरहद पार से नशे व हथियार की सप्लाई मंगवा कर अपने साथियों की मदद से आगे पहुंचा रहे हैं। टेक्निकल सेल से करवाएंगे जांच- डीएसपी डीएसपी तरलोचन सिंह ने कहा कि बरामद मोबाइल फोनों की पुलिस द्वारा टेक्निकल सेल से जांच करवाई जाएगी और यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि इनका इस्तेमाल कौन कर रहा था। शिनाख्त होने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जेल प्रशासन के साथ साथ जिला पुलिस भी समय समय पर जेल की सर्च करती रहती है और सख्ती के चलते मोबाइल फोन पकड़े जा रहे हैं।


