पंजाब के फरीदकोट जिले में केंद्रीय जांच एजेंसी एनआईए की टीम द्वारा वीरवार को यहां की केंद्रीय माडर्न जेल में बंद अमृतसर व गुरदासपुर जिले से संबंधित हवालातियों से पूछताछ की गई और इनसे एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। एनआईए को सूचना मिली थी कि फरीदकोट जेल में बंद कुछ हवालाती, विदेश में बैठे भगौड़े अपराधियों के साथ संपर्क बनाए हुए हैं। पुलिस को सौंपा मोबाइल एनआईए की टीम ने फरीदकोट पहुंचकर जिला पुलिस व जेल प्रशासन की मदद से इन हवालातियों की शिनाख्त कर उनसे करीब 3 घंटे तक पूछताछ की और उनसे एक मोबाइल भी बरामद किया गया। आरोपियों से बरामद मोबाइल को जेल प्रशासन के माध्यम से जिला पुलिस को सौंप दिया गया है और इस संबंध में पुलिस द्वारा केस दर्ज किया जाएगा। जेल प्रशासन और पुलिस ने दिया सहयोग मामले में जेल अधीक्षक इकबाल सिंह धालीवाल ने बताया कि एनआईए ने अपने किसी इनपुट के आधार पर जेल पहुंच कर जांच की थी। जिसमें जेल प्रशासन और जिला पुलिस की टीम ने भी सहयोग किया। उन्होंने जांच के एनआईए के पास होने का हवाला देते हुए इससे ज्यादा कोई अन्य जानकारी देने से इनकार कर दिया।


