फरीदकोट पंचायत समिति का चेयरमैन AAP का:कांग्रेस से सहमति के चलते सरबजीत सिंह जीते, कांग्रेस के लखविंदर सिंह वाइस चेयरमैन

फरीदकोट के बीडीपीओ दफ्तर में शुक्रवार शाम पंचायत समिति के चेयरमैन और वाइस चेयरमैन पद के लिए चुनावी बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में आम आदमी पार्टी के सरबजीत सिंह को चेयरमैन और कांग्रेस के लखविंदर सिंह को वाइस चेयरमैन चुना गया। हालांकि पंचायत समिति में कांग्रेस के सबसे ज्यादा सदस्य थे, लेकिन बहुमत नहीं होने के चलते उनकी स्थानीय स्तर पर आम आदमी पार्टी से सहमति हुई और कम सदस्य के बावजूद आम आदमी पार्टी को चेयरमैन पद मिल गया और कांग्रेस ने वाइस चेयरमैन पद पर संतोष कर लिया। सारी चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। जानकारी के अनुसार पंचायत समिति की बैठक में कुल 21 सदस्यों में से आम आदमी पार्टी के 3, कांग्रेस के 9 और भाजपा का 1 सदस्य मौजूद रहा, जबकि शिरोमणि अकाली दल के सभी 8 सदस्यों ने बैठक का बहिष्कार किया। बैठक के दौरान उपस्थित सदस्यों की सहमति से दोनों पदों के लिए चयन किया गया। चुनाव के बाद विधायक गुरदित्त सिंह सेखों ने नवनिर्वाचित चेयरमैन सरबजीत सिंह और वाइस चेयरमैन लखविंदर सिंह को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पंचायत समिति के माध्यम से क्षेत्र के सभी गांवों के विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। बता दें कि एक दिन पहले वीरवार को चुनाव के लिए रखी बैठक का कोरम पूरा न होने की वजह से स्थगित कर दिया गया था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *