फरीदकोट के थाना सदर कोटकपूरा पुलिस ने गोरक्षा दल की शिकायत के बाद कैंटर सवार चार गो-तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 16 गोवंश बरामद कर कार्रवाई के बाद उन्हें यहां की गांव बीड़ सिखां वाला की गोशाला में छोड़ दिया है और आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांव ढैपई निवासी गुरमेल सिंह, कोटकपूरा निवासी मोहित कुमार, गांव कुहारवाला निवासी मेजर सिंह तथा गांव लहरागागा जिला संगरूर निवासी जगसीर सिंह उर्फ जग्गी के रूप में हुई है। उनका एक अन्य साथी जगमीत सिंह निवासी ढैपई मौके से फरार हो गया। बेहसहारा गायों को बनाते थे निशाना पुलिस के अनुसार, थाना सदर के एएसआई बलविंदर सिंह की अगुवाई में पुलिस पार्टी क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान गोरक्षा दल के नेता और वृद्ध आश्रम के प्रमुख महंत गरीब दास ने सूचना दी कि गुरमेल सिंह ढैपई ने एक गिरोह बना रखा है, जो इलाके में बेसहारा घूम रही गायों को एकत्र कर आगे सप्लाई करता है। उन्होंने बताया कि इस समय भी एक कैंटर में गोवंश ले जाया जा रहा है। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी कर कैंटर को रोका और चार आरोपियों को 16 गोवंश समेत काबू कर लिया, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया। आरोपी के खिलाफ पहले से मामले दर्ज इस संबंध में बातचीत करते हुए शिकायतकर्ता महंत गरीब दास ने बताया कि आरोपी गुरमेल सिंह के खिलाफ पहले भी गो-तस्करी के कई मामले दर्ज हैं। उन्होंने पंजाब सरकार से मांग की कि गो-तस्करी रोकने के लिए सख्त कानून बनाए जाएं और लावारिस गायों की देखभाल के लिए सरकारी गोशालाओं की व्यवस्था मजबूत की जाए। आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी पुलिस-डीएसपी इस मामले में डीएसपी कोटकपूरा संजीव कुमार ने कहा कि अब गिरफ्तार आरोपियों को अदालत से रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि गिरोह में और कौन-कौन शामिल है तथा गौवंश को आगे कहां सप्लाई किया जाता था।


