फरीदकोट जिला पुलिस के सीआईए स्टाफ की टीम ने अमृतसर-बठिंडा नेशनल हाईवे पर गांव गोंदारा के पास से एक युवक को तीन पिस्टल और 6 जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रामा मंडी (बठिंडा) निवासी जगविंदर सिंह उर्फ काला के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन के दिशा-निर्देशों पर असामाजिक तत्वों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए स्टाफ के एएसआई परमिंदर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त और चेकिंग कर रही थी। इस दौरान नेशनल हाईवे पर गांव गोंदारा के बस स्टॉप पर एक युवक संदिग्ध हालत में खड़ा दिखाई दिया। शक के आधार पर पुलिस ने पकड़ा जिसे पुलिस ने शक के आधार पर काबू किया और तलाशी के दौरान उसके किट बैग से एक .30 बोर पिस्टल, दो .32 बोर पिस्टल और 6 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ थाना बाजाखाना में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस मामले में डीएसपी(डी) अवतार सिंह राजपाल ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। बरामद हथियारों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगाले जाएंगे तथा यह पता लगाया जाएगा कि वह इन्हें कहां से लाया और किसे सप्लाई करने वाला था।


