पंजाब के फरीदकोट जिले में 2 ग्रामीणों के साथ साइबर ठगों द्वारा 3 लाख 12 हजार 395 रुपए ठगने का मामला सामने आया है। दोनों घटनाओं के को लेकर थाना साइबर क्राइम पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। एक मामले में व्यक्ति की व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से उसकी नग्न महिला के साथ अश्लील वीडियो तैयार की गई और बाद में उस वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उससे 1,65,000 रुपए वसूले गए। इसी तरह दूसरे मामले में एक व्यक्ति को क्रेडिट कार्ड अपडेट करने का झांसा देकर उसे ओटीपी हासिल किया गया और उसके खाते में से 1,47,395 रुपए निकाल लिए गए। क्रेडिट कार्ड अपडेट करने का दिया झांसा गांव मचाकी खुर्द के रहने वाले एक व्यक्ति ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि, उसे व्हाट्सएप पर वीडियो कॉल आई और कॉल को रिसीव करते ही सामने से एक नग्न महिला दिखाई दी। बाद में उसे उक्त वीडियो कॉल की रिकार्डिंग सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी जाने लगी और डरा-धमका कर उससे 1,65,000 रुपए वसूले गए। दूसरे मामले में गांव खारा के रहने वाले गुरसेवक सिंह को फोन कॉल पर क्रेडिट कार्ड अपडेट करवाने का झांसा दिया गया और फोन नंबर पर आए ओटीपी को हासिल करके उसके बैंक खाते से 1,47,395 रुपए निकाल लिए गए। दोनों शिकायतों पर थाना साइबर क्राइम ने अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी के अलग-अलग केस दर्ज किए हैं और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस वापस कराएगी पैसे- एसएचओ थाना साइबर क्राइम के एसएचओ इंस्पेक्टर अमरिंदर सिंह ने बताया कि दोनों मामलों में जल्द ही आरोपियों की शिनाख्त करके पीड़ित व्यक्तियों को उनके पैसे वापस दिलवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा ऐसे मामलों से लोगों को बचाने के लिए लगातार जागरूक भी किया जा रहा है और आवश्यक कार्रवाई कर पीड़ित लोगों को पैसे भी वापस दिलवाए जा रहे हैं।


