फरीदकोट में एक शराब ठेके कर्मचारी लापता हो गया। डोगर बस्ती निवासी बाल कृष्ण की तलाश में पुलिस और परिवार जुटे हैं। मचाकी मल सिंह रोड स्थित नहर पुल के पास से उनका मोबाइल, स्कूटर और चप्पलें बरामद हुई हैं, जिससे नहर में छलांग लगाने की आशंका जताई जा रही है। घटना की जानकारी देते हुए बाल कृष्ण के बेटे हनी कपूर ने बताया कि उनके पिता रोज की तरह सुबह काम पर जाने के लिए घर से निकले थे। जब तय समय पर शराब ठेका नहीं खुला, तो ठेकेदार ने घर पर फोन करके इसकी सूचना दी। कुछ देर बाद ही उन्हें नहर पुल के पास से पिता का मोबाइल, स्कूटर और चप्पलें मिली। स्थानीय पुलिस की पीसीआर टीम मौके पर पहुंच गई है और नहर में तलाशी अभियान जारी है। परिवार के सदस्य भी खोजबीन में लगे हुए हैं। फिलहाल बाल कृष्ण के लापता होने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच की जा रही है।


