पंजाब के फरीदकोट में गाड़ी चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ। पुलिस ने मामले में 2 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनसे 12 बाइक मिली है। पुलिस ने बताया कि सीआईए फरीदकोट प्रभारी इंस्पेक्टर गुरविंदर सिंह की देखरेख में एएसआई वीरम सिंह साथी कर्मचारियों के साथ संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के सिलसिले में गश्त दे रहे थे। इसी दौरान गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के पास मौजूद थे। तभी पुलिस को सूचना मिली कि गांव दीप सिंह वाला निवासी लवप्रीत सिंह उर्फ लवली और धर्मप्रीत सिंह उर्फ काला चोरी की बाइक को लेकर सादिक रोड पर जहाज ग्राउंड के पास घूम रहे हैं। जिस पर पुलिस ने थाना सिटी में केस दर्ज कर आरोपियों को 2 बाइक सहित गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों के पास से चोरी की 10 और बाइक बरामद मिली। एसपी जसमीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों की कोर्ट से रिमांड ली और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उनसे चोरी के कुछ और गाड़ियां मिलने की उम्मीद है।


