फरीदकोट के गांव बुर्ज मस्ता में शनिवार सुबह एक घर में गैस सिलेंडर फटने से जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद लगी भीषण आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन घर का सारा सामान जलकर राख हो गया और मकान को भारी नुकसान पहुंचा है। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। सूचना पर फरीदकोट से आप विधायक गुरदित्त सिंह सेखों भी मौके पर पहुंचे और परिवार को सरकार से हर संभव मदद करवाने का भरोसा दिया। चूल्हा जलाते ही फटा सिलेंडर जानकारी के अनुसार गांव में राजकुमार नामक व्यक्ति के घर सुबह के समय उसकी पत्नी वीरपाल कौर ने चाय बनाने के लिए जैसे ही गैस का चूल्हा जलाया तो अचानक सिलेंडर को आग लग गई और देखते ही देखते आग ने भयानक रूप धारण कर पूरे घर को घेर लिया। जैसे ही वीरपाल कौर मदद के लिए पड़ोसियों को बुलाने गई तो सिलेंडर फटने से जोरदार धमाका हुआ। जिससे घर की छत तक उड़ गई। आग की चपेट में आकर घर में खड़े बाइक सहित अन्य हर तरह का घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। धमाके और आग के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों की सूचना पर फायर बिग्रेड व पुलिस की टीमें मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया लेकिन तब तक घर का सारा सामान जलकर राख हो चुका है। विधायक बोले- पीड़ित परिवार को हर संभव मदद मिलेगी ग्रामीणों ने कहा कि संकट की घड़ी में सरकार को परिवार की मदद करनी चाहिए। थाना सदर के एसएचओ इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने फायर बिग्रेड की टीम के साथ मिलकर आग पर कंट्रोल किया गया। इस मौके पर विधायक गुरदित्त सिंह सेखों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हमदर्दी जताई। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवार की हर संभव मदद करेगी और उन्होंने प्रशासन को तुरंत उचित राहत देने के निर्देश दिए हैं।


