पंजाब के फरीदकोट में यूथ कांग्रेस की जिला इकाई द्वारा आल इंडिया यूथ कांग्रेस के ‘नौकरी दो-नशा नहीं’ कार्यक्रम के तहत मोटरसाइकिल रैली निकालकर पंजाब और केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस अवसर पर पंजाब यूथ कांग्रेस के प्रभारी ऋषेंद्र सिंह महर भी विशेष रूप से शामिल हुए और उन्होंने पंजाब सरकार के साथ साथ केंद्र सरकार पर तीखे हमले किए। नौकरी दो नशा नहीं कार्यक्रम पंजाब प्रभारी ऋषेंद्र सिंह महर और जिलाध्यक्ष सुखचैन सिंह चैना ने बताया कि देशभर की तरह अब पूरे पंजाब में यूथ कांग्रेस द्वारा नौकरी दो नशा नहीं कार्यक्रम के तहत राज्य व केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किए जा रहे है। पहले चरण में जिला स्तर पर प्रदर्शन होंगे और अगले चरण विधानसभा क्षेत्र स्तर से लेकर गांव स्तर पर कार्यक्रम किए जाएंगे। दिन-प्रतिदिन बढ़ रही नशे की समस्या यूथ कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा नशे को खत्म करने के नाम पर ड्रामा किया जा रहा है और नशे की समस्या दिन प्रतिदिन विकराल रूप धारण कर रही है। पंजाब में युवाओं को नौकरियां नहीं दी जा रही हैं और बेरोजगारी के कारण ही नौजवान नशे की दल दल में फंस चुके है। पंजाब सरकार के नौकरी देने के दावों में भी कोई सच्चाई नहीं है। सरकार नौजवानों को नौकरियां देने में नाकाम उन्होंने कहा कि पंजाब के साथ साथ केंद्र की सरकार भी नौजवानों को नौकरियां देने में नाकाम रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में चुनाव हारने के बाद आम आदमी पार्टी ने पंजाब में नशे के खिलाफ आनन फानन में कार्रवाई शुरू की है पर सरकार का चेहरा बेनकाब हो चुका है और लोग साल 2027 में राज्य की आप सरकार को उखाड़ कर फेंक देंगे।


