पंजाब के फरीदकोट में दो दोस्तों ने अपने एक साथी की किरच (धारदार हथियार) से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी। यह वारदात मंगलवार-बुधवार मध्य रात को चांद मैरिज पैलेस के बाहर पेश आई। जहां ये सभी एक विवाह समारोह में शामिल थे। दो दिन इसी विवाह से संबंधित जागो पार्टी के दौरान आपस में हुई कहासूनी की रंजिश में हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया। मृतक की पहचान न्यू कैंट रोड निवासी दिलप्रीत सिंह (28) के रूप में हुई और इस मामले में थाना सिटी पुलिस ने मृतक के पिता गुरप्यार सिंह के बयान पर मृतक के दो दोस्तों भान सिंह कालोनी निवासी खुशप्रीत सिंह और गांव पिपली निवासी बलविंदर सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। दोस्तों में हुई थी मामूली कहासुनी जानकारी के अनुसार, दिलप्रीत सिंह अपने दोस्त अनिल रावत की शादी में परिवार समेत शामिल होने गया था। शादी समारोह में उसके अन्य दोस्त भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि शादी वाले घर मे दो दिन पहले जागो पार्टी के दौरान दिलप्रीत सिंह की अपने ही दोस्त खुशप्रीत सिंह के साथ मामूली कहासुनी हो गई थी। मंगलवार रात चांद पैलेस में शादी समारोह चल रहा था। इसी दौरान जब दिलप्रीत सिंह खाना खा रहा था, तब खुशप्रीत सिंह और उसका एक अन्य साथी उसे बाहर बुलाकर ले गए। वहां एक ने उसकी दोनों बाजू पकड़ लीं, जबकि दूसरे ने उस पर किरच से लगातार वार किए। गंभीर रूप से घायल दिलप्रीत किसी तरह अंदर पहुंचा, लेकिन अधिक खून बहने के कारण उसकी मौत हो गई। इस मामले में मृतक के पिता गुरप्यार सिंह और ममेरे भाई गुरविंदर सिंह ने बताया कि जब तक वे पैलेस के बाहर पहुंचे, आरोपी अपनी गाड़ी लेकर फरार हो चुके थे। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए की जा रही है छापेमारी-डीएसपी इस मामले में डीएसपी तरलोचन सिंह ने बताया कि, दो दिन पहले झगड़े की रंजिश में खुशप्रीत सिंह और बलविंदर सिंह ने दिलप्रीत पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


