फरीदकोट की बलबीर ऐवैन्यू स्थित सरकारी स्कूल में रविवार को आंखों के चेकअप और ऑपरेशन शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में पंजाब की कैबिनेट मंत्री और नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. बलजीत कौर ने पहले बतौर मुख्य अतिथि पहुंचकर शिविर का उद्घाटन किया और बाद में स्वयं डॉक्टर के रूप में मरीजों की जांच कर मानव सेवा की मिसाल पेश की। शिविर में बड़ी संख्या में लोग आंखों से जुड़ी समस्याओं के इलाज के लिए पहुंचे। शिविर के दौरान सफेद मोतियाबिंद, काला मोतियाबिंद और नजर कमजोर होने जैसी बीमारियों से पीड़ित मरीजों की जांच की गई। डॉक्टरों की टीम ने मरीजों को मुफ्त दवाइयां और चश्मे भी उपलब्ध करवाए। जिन मरीजों को ऑपरेशन की आवश्यकता थी, उनका परीक्षण कर ऑपरेशन के लिए समय निर्धारित किया गया। ऑपरेशन के दौरान जरूरतमंद मरीजों की आंखों में लेंस भी डाले जाएंगे। शिविर में फरीदकोट के विधायक गुरदित्त सिंह सेखों और पूर्व सांसद प्रो. साधू सिंह भी विशेष रूप से मौजूद रहे। मरीजों ने खुशियां जाहिर की इलाज कराने पहुंचे मरीजों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि वे लंबे समय से आंखों की समस्याओं से परेशान थे और इस शिविर से उन्हें राहत मिलने की उम्मीद है। मरीजों ने कहा कि एक मंत्री होने के बावजूद डॉ. बलजीत कौर का खुद मरीजों का चेकअप करना प्रेरणादायक है। इस अवसर पर विधायक गुरदित्त सिंह सेखों ने कहा कि पंजाब सरकार लोगों की सेहत को लेकर गंभीर है और ऐसे शिविर आम जनता के लिए काफी लाभदायक साबित हो रहे हैं। कैबिनेट मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि यह शिविर सरकार की “हमारे बुजुर्ग हमारी शान” मुहिम के तहत लगाया गया है। मंत्री ने कहा कि सिविल अस्पताल के डॉक्टरों की टीम के सहयोग से यह शिविर आयोजित किया गया है और सभी सुविधाएं पूरी तरह नि:शुल्क दी जा रही हैं। मंत्री ने कहा कि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है।


