फरीदकोट के गांव किंगरा में बेरहमी पिटाई से गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान बूटा सिंह (26) के रूप में हुई है। उसका गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज चल रहा था, जहां बुधवार सुबह उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार बीते 31 जनवरी की रात बूटा सिंह के गांव की ही एक विवाहित महिला के साथ प्रेम संबंध थे। आरोप है कि महिला ने उसे बहाने से अपने घर बुलाया, जहां पहले से उसका पति अमर सिंह और कुछ अन्य लोग मौजूद थे। वहां आरोपियों ने बूटा सिंह के सिर पर वार कर उसे बेहोश कर दिया। इसके बाद उसे बांधकर बुरी तरह पीटा गया। लोहे के सरियों दागने का भी आरोप इतना ही नहीं, आरोप है कि उसके शरीर को गर्म लोहे की सरियों से भी दागा गया। जब बूटा सिंह देर रात तक घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। वे महिला के घर पहुंचे, जहां बूटा सिंह एक खंभे से बंधा हुआ मिला और उसकी हालत बेहद गंभीर थी। इसके बाद पुलिस की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई ने इस मामले में गांव के सरपंच की भूमिका पर भी संदेह जताते हुए उसकी संलिप्तता के आरोप लगाए हैं। इस मामले में थाना सादिक पुलिस ने पहले से दर्ज केस में अब हत्या की धारा जोड़ दी है। डीएसपी तरलोचन सिंह ने बताया कि घायल बूटा सिंह ने 3 फरवरी को पुलिस को बयान दिया था, जिसके आधार पर मारपीट का केस दर्ज किया गया था। अब मौत के बाद केस में हत्या की धाराएं बढ़ाकर जांच तेज कर दी गई है। पुलिस ने कहा कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। मृतक का पोस्टमार्टम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में करवाया जा रहा है।


