फरीदकोट जिले के बाजाखाना में बठिंडा रोड हाईवे पर स्थित एक पेट्रोल पंप पर काम करने वाले युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 24 वर्षीय जतिंदर कुमार पुत्र बनवारी लाल निवासी दौसा (राजस्थान) के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही थाना बाजाखाना के एएसआई राजिंदर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने चढ़दी कला वेलफेयर सेवा सोसायटी जैतो के सदस्य मीत सिंह मीता, गोरा औलख और ललित शर्मा को बुलाया, जो एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की निगरानी में युवक को फंदे से उतारकर कोटकपूरा के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मानसिक तनाव में था युवक थाना बाजाखाना के एसएचओ सुखविंदर सिंह ने बताया कि मृतक बाजाखाना स्थित पेट्रोल पंप पर काम करता था। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि वह किसी बात को लेकर मानसिक तनाव में चल रहा था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा शव पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए फरीदकोट मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।


