फरीदकोट में अमृतसर-बठिंडा नेशनल हाईवे पर गांव ढिलवां कलां के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक छात्र की मौत हो गई। इस हादसे में उसका एक साथी घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मृतक की पहचान कमलप्रीत सिंह (17) के रूप में हुई। हादसे की सूचना के बाद थाना सदर कोटकपूरा पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, गांव ढिलवां कलां स्थित ऑक्सब्रिज स्कूल के 11वीं कक्षा का छात्र कमलप्रीत अपने एक साथी के साथ मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे स्कूल से छुट्टी होने के बाद अपने बाइक पर घर लौट रहा था। तेज रफ्तार वाहन ने मारी टक्कर जैसे ही वह स्कूल से बाहर निकलकर नेशनल हाईवे पर आए तो फरीदकोट की तरफ से आए एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी जिससे वह सड़क पर गिर गए और दोनों को गंभीर चोटें लगी। उन्हें तुरंत कोटकपूरा के सिविल अस्पताल में लाया गया जहां डॉक्टर ने कमलप्रीत सिंह को मृत घोषित कर दिया। जबकि उसके साथी को फरीदकोट मेडिकल कॉलेज अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। दो महीने पहले पिता की मौत इस मामले में मृतक छात्र के करीबी लोगों ने बताया कि कमलप्रीत के पिता की करीब 2 माह पहले मौत हो गई थी। परिवार अभी उनके गम को भुला नहीं पाया था कि अब बेटे की मौत हो गई। परिजनों के बयान पर होगी कार्रवाई- SHO कोटकपूरा सदर थाना एसएचओ इंस्पेक्टर गुरांदित्ता सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है। हादसे को अंजाम देकर फरार हुए वाहन की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस मामले में मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


