पंजाब के फरीदकोट में बुधवार सुबह मुख्य बस स्टैंड के बाहर दो नकाबपोश बदमाशों ने एक महिला से 6 लाख रुपए की नकदी से भरा पर्स छीन लिया। घटना कोटकपूरा की है। पीड़िता सुनीता अरोड़ा, पंजाब नेशनल बैंक के सेवानिवृत्त प्रबंधक विजय अरोड़ा की पत्नी हैं घटना उस समय हुई जब दंपती मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में दवाई लेने और पटियाला में खरीदे गए मकान की रजिस्ट्री करवाने जा रहे थे। विजय अरोड़ा अपनी पत्नी को बस स्टैंड के बाहर छोड़कर स्कूटर घर पार्क करने गए थे। इसी दौरान शहर की तरफ से आए बाइक सवार दो नकाबपोश युवकों ने सुनीता से पर्स छीना और मोगा रोड की तरफ फरार हो गए। सुनीता ने बदमाशों का विरोध किया, लेकिन उनके हाथ में पर्स की केवल बेल्ट ही रह गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना सिटी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस आरोपियों की पहचान के लिए बस स्टैंड और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। पर्स में नकदी के अलावा महत्वपूर्ण दस्तावेज भी थे।


