पंजाब में फरीदकोट जिले के कोटकपूरा शहर में गुरु रविदास की जयंती को समर्पित भव्य नगर कीर्तन का आयोजन किया गया। यहां के प्रेम नगर के श्री गुरु रविदास मंदिर से शुरू हुआ नगर कीर्तन अलग अलग क्षेत्रों से होकर वापिस मंदिर में ही समाप्त किया जाएगा। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां सहित क्षेत्र की प्रमुख हस्तियों ने भाग लिया। मिलिट्री बैंड और ब्रास बैंड ने बढ़ाई शोभा नगर कीर्तन में जहां गुरु रविदास की वाणी के पावन स्वरूप को फूलों से सजी पालकी में सजाया गया था, वहीं मिलिट्री बैंड और ब्रास बैंड ने नगर कीर्तन की शोभा बढ़ाई। नगर कीर्तन पर पैराग्लाइडर के जरिए पुष्प वर्षा की गई और गतका पार्टियों ने भी अपना जौहर दिखाया। इस मौके पर मंदिर के मुख्य प्रबंधक केवल सिंह ने सहयोग के लिए सभी का आभार जताया। गुरू रविदास ने दिया बराबरी का संदेश इस मौके पर विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने सभी श्रद्धालुओं को इस पवित्र दिन की बधाई देते हुए कहा कि हमें गुरुओं के दिखाए रास्ते पर चलना चाहिए। गुरू रविदास ने अपनी वाणी से सभी की बराबरी का संदेश दिया, जिसकी हमें जीवन में पालना करनी चाहिए।


