विश्व भर में रविवार को मदर्स-डे मनाया जा रहा है और हर कोई अपनी मां को इस दिन की शुभकामनाएं देते हुए उनसे आशीर्वाद ले रहा है। पंजाब विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां फरीदकोट से आम आदमी पार्टी के विधायक गुरदत्त सिंह सेखों ने मदर्स-डे पर अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालते हुए अपनी अपनी माताओं को इस दिन की शुभकामनाएं दी है। विधानसभा स्पीकर संधवां ने कोटकपूरा में बातचीत के दौरान कहा कि मां को भगवान के बराबर का दर्जा है और मां के चरणों मे तीर्थ यात्रा से ज्यादा फल मिलता है। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी माता गुरमेल कौर से आशीर्वाद लेते हुए फोटो शेयर करते हुए भी लिखा कि मातृ दिवस हमारी संस्कृति की नहीं बल्कि यह पश्चिमी संस्कृति की देन है जहां अक्सर परिवार टूट जाते हैं। हमारी संस्कृति हमें हर दिन अपनी मां को समर्पित करना सिखाती है। हमें जन्म देने वाली मां के साथ-साथ मातृभाषा और धरती माता के संरक्षण और बेहतरी पर भी ध्यान देना चाहिए। विधायक ने शेयर की परिवार की फोटो उधर, फरीदकोट से विधायक गुरदित्त सिंह सेखों ने अपनी माता बलजीत कौर समेत पूरे परिवार की फोटो शेयर करते हुए लिखा कि मातृ दिवस के अवसर पर मैं अपनी मां को ढेर सारी शुभकामनाओं के साथ दिल से धन्यवाद करता हूं। उन्होंने मुझे जो गुण सिखाए ,उनसे मुझे जीवन में सदैव आगे बढ़ने में मदद मिली। मेरी सारी सफलता का पहला श्रेय मेरी मां को जाता है।


