पंजाब में फरीदकोट के केंद्रीय विद्यालय और सरकारी कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल में रविवार को नीट परीक्षा का आयोजन हुआ, जिसके मद्देनजर जिला पुलिस की तरफ से सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए थे। केंद्रीय विद्यालय में कुल 480 में से 467, जबकि सरकारी कन्या स्कूल में कुल 169 में से 164 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। दोनों केंद्रों पर कुल 18 विद्यार्थी गैरहाजिर रहे। परीक्षा के दौरान दोनों स्थानों पर कोई दिक्कत परेशानी का मामला सामने नहीं आया। जिला पुलिस की तरफ से एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन के दिशा निर्देश पर दोनों परीक्षा केंद्रों के अंदर और बाहर निगरानी के लिए एसपी और डीएसपी स्तर के अधिकारियों की अगुवाई में पुलिस बल तैनात किया गया था। एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन ने भी दोनों परीक्षा केंद्रों का जायजा लिया। सुरक्षा के साथ साथ सुविधाओं का भी खास ध्यान-एसपी इस मौके पर एसपी हेडक्वार्टर मनविंदर बीर सिंह ने बताया कि पुलिस प्रशासन द्वारा ना सिर्फ सुरक्षा के प्रबंध किए गए बल्कि परीक्षा के लिए आने वाले विद्यार्थियों व उनके अभिभावकों के लिए अन्य सुविधाओं का भी ध्यान रखा गया। उनके वाहनों की पार्किंग समेत पीने के पानी और उनके बैठने के लिए भी छायादार व्यवस्था की गई ताकि किसी को परेशानी ना हो। इसके अलावा शहर की तमाम सड़कों पर ट्रैफिक का भी ध्यान रखा गया ताकि किसी विद्यार्थी को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में कोई दिक्कत ना आए।


