फरीदकोट जिला प्रशासन ने किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। जिला निवासियों की सुविधा के लिए सिविल और पुलिस प्रशासन द्वारा कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। डिप्टी कमिश्नर पूनमदीप कौर ने बताया कि डीसी कार्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम का नंबर 01639-250338 है, जबकि डीसी कैंप कार्यालय के कंट्रोल रूम के नंबर 01639-251000 और 01639-251024 हैं। एसएसपी कार्यालय फरीदकोट में स्थापित पुलिस विभाग के कंट्रोल रूम का नंबर 75270-17100 है। डीसी पूनमदीप कौर ने जिलावासियों से अफवाहों के प्रति सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की टीमें 24 घंटे तैयार रहेंगी। ब्लैकआउट के दौरान नागरिकों को घरों की सभी लाइटें बंद करने और कैमरों को ढकने की सलाह दी गई है। अत्यावश्यक होने पर कमरों को पूर्णतः बंद करके ही लाइट जलाने को कहा गया है। जिले में आपातकालीन स्थिति से निपटने की तैयारियों का जायजा लेने के लिए डीसी पूनमदीप कौर और एसएसपी डॉ प्रज्ञा जैन ने अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान जिला स्तर से लेकर गांव स्तर तक इमरजेंसी रिस्पांस टीमों के गठन के निर्देश दिए गए हैं। फरीदकोट में नगर काउंसिल ने लोगों को रात के समय मोहल्लों, बाजारों समेत दुकानों और घरों के बाहर लाइटें बंद रखने के आदेश जारी किए है।


