फरीदकोट-कोटकपूरा रोड पर गांव संधवां के नजदीक शनिवार देर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए फरीदकोट स्थित गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक की पहचान कोटकपूरा की धन्ना बस्ती निवासी कृष्ण सिंह(19) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। हादसे को अंजाम देकर मौके से फरार हुए वाहन की तलाश की जा रही है।
वाहन ने मारी बाइक को टक्कर जानकारी के अनुसार कोटकपूरा की धन्ना बस्ती का रहने वाला कृष्ण सिंह अपने दो साथियों जीता सिंह और गोशा के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर कोटकपूरा से फरीदकोट की ओर जा रहा था। जैसे ही वे गांव संधवां के पास पहुंचे, सामने से आ रही तेज रफ्तार गाड़ी ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
घायलों की अस्पताल में इलाज जारी टक्कर लगते ही तीनों सड़क पर गिर गए। सूचना मिलने पर सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और दो घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जबकि कृष्ण सिंह की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।इस संबंध में सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम के इंचार्ज जगमीत सिंह और प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीण गुरमेल सिंह ने बताया कि हादसा संभवतः तेज रफ्तार के कारण हुआ है। अब इस मामले की थाना सदर कोटकपूरा पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है।


