शहर के पॉश राइट टाउन इलाके में 60 करोड़ रुपए मूल्य की 11 हजार वर्गफीट संपत्ति की मालकिन 81 वर्षीय डॉ. हेमलता श्रीवास्तव का रविवार दोपहर 1:15 बजे इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके पति और बेटे का पहले ही देहांत हो चुका था। संपत्ति हड़पने के आरोप में डॉ. सुमित जैन, पत्नी प्राची जैन, उनकी बहन व जीजा पर मामला दर्ज है। जनवरी में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के हस्तक्षेप के बाद जिला प्रशासन ने उनका रेस्क्यू कर मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया था। स्वस्थ होने पर उन्होंने बयान में कहा था कि गलत जानकारी देकर दान पत्र लिखवाकर रजिस्टर्ड कराया गया। मामले में डॉक्टर दंपति, रजिस्ट्रार व अन्य की भूमिका की जांच जारी है। आईएमए प्रेसिडेंट डॉ. रिचा शर्मा के अनुसार पोस्टमार्टम कराया गया। एसडीएम पंकज मिश्रा ने बताया कि शव रायपुर निवासी बहन को सौंपा जाएगा। अंतिम संस्कार गायत्री परिवार करेगा।


